भाड़े पर पिकअप बुक कर लूट करने वाला गिरोह पकड़ाया:UP का मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दो पिकअप जब्त, एक आरोपी पर पहले से 16 केस




मैहर में भाड़े पर पिकअप बुक कर सुनसान रास्तों पर ड्राइवरों से मारपीट और लूट करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को पुलिस ने छतरपुर से गिरफ्तार किया है। गिरोह के पांच सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने दो बोलेरो पिकअप, चार मोबाइल और अन्य दस्तावेज समेत करीब 14.45 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। सीसीटीवी और तकनीकी जानकारी से आरोपी तक पहुंची पुलिस कोतवाली मैहर पुलिस ने थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह के मुख्य आरोपी सीताराम सिकरवार उर्फ सुनील ठाकुर को छतरपुर से पकड़ा। वह उत्तर प्रदेश के खैरागढ़ का रहने वाला है। गिरोह के पांच अन्य सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। दो पिकअप बुक कर लूट और चोरी की वारदात पुलिस के मुताबिक, पहली वारदात 2 सितंबर 2026 को हुई थी। गिरोह ने राज कोल की बोलेरो पिकअप (MP19 ZQ 4603) भाड़े पर बुक की थी। आरोपी उसे सगमनिया की ओर ले गए और वाहन चुरा लिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 895/26 दर्ज किया गया था। दूसरी वारदात 19 सितंबर 2026 को हुई। छतरपुर निवासी वाहन मालिक इदरीश मंसूरी (42) अपनी पिकअप (MP16 ZB 0612) सामान ले जाने के भाड़े पर लेकर मैहर आए थे। शाम करीब 6:45 बजे सरलानगर रोड टोल प्लाजा के आगे सुनसान जगह पर आरोपियों ने उनसे मारपीट की। वे उनका मोबाइल और पिकअप की चाबी छीनकर वाहन ले गए। इस मामले में कोतवाली में अपराध क्रमांक 959/26 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) में केस दर्ज किया गया। पांच सदस्य पहले गिरफ्तार, मुख्य आरोपी लगातार बदल रहा था ठिकाना पुलिस ने जांच के दौरान जितेंद्र कुशवाहा, सुभाष कुशवाहा निवासी भोपाल, शिवराम चौधरी, रजनीश साकेत और उमेश साकेत निवासी मैहर को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी सीताराम सिकरवार उर्फ सुनील ठाकुर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे छतरपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सीताराम ने सतना, छतरपुर, विदिशा और भोपाल में भी वारदातें करना कबूल किया है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश के भोपाल, रीवा, सीधी, गुना, सागर, दमोह, विदिशा, कटनी, ग्वालियर और मैहर के अलग-अलग थानों में 16 मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, अमानत में खयानत और सरकारी अधिकारी बनकर ठगी के मामले शामिल हैं। ठगी के मामलों में धारा 170, 171, 419 और 420 के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, अन्य राज्यों में भी उसका आपराधिक रिकॉर्ड है। 14.45 लाख रुपए का सामान जब्त पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बोलेरो पिकअप (MP19 ZQ 4603), जिसकी कीमत 8 लाख रुपए है, और पिकअप (MP16 ZB 0612), जिसकी कीमत 6 लाख रुपए है, जब्त की है। इसके अलावा 45 हजार रुपए कीमत के चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस को विभिन्न बैंकों की चेकबुक, जमीन और वाहनों की रजिस्ट्रियां तथा एटीएम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी मिले हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 14 लाख 45 हजार रुपए है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार शाम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *