![]()
इंदौर में गरबा उत्सव के दौरान एक बालिका के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आया है। आरोप है कि गरबा खेलने के लिए पहुंची बालिका को एंट्री देने से मना करने के बाद विवाद हुआ है। इसके बाद भाजपा के जीजा बाई मंडल के अध्यक्ष कमल चौहान ने बालिका के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे धक्के देकर बाहर निकालने लगे। घटना गुरुवार रात शहर के पूर्वी क्षेत्र में आयोजित एक बड़े गरबा उत्सव की बताई जा रही है। वीडिया में बालिका कहती सुनाई दे रही हैं यह ठीक नहीं है और वह पुलिस में शिकायत करेगी। मुझे दोबारा हाथ नहीं लगाना। इसके बावजूद मंडल अध्यक्ष नहीं रुके और धक्का देकर बाहर कर दिया। इस दौरान बालिका के साथ आए लोगों ने आपत्ति ली को उनके साथ भी बदसूलकी की गई। हालांकि, दैनिक भास्कर वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद जानकारी के मुताबिक गरबा उत्सव में व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी मंडल अध्यक्ष कमल चौहान को भी दी गई थी। इसी दौरान एक बालिका अपने परिजन और परिचितों के साथ गरबा स्थल पर पहुंची। वह गरबा खेलने के लिए अंदर जाना चाहती थी, लेकिन उसे प्रवेश देने से मना कर दिया गया। इसी बात को लेकर बालिका और उसके साथ आए लोगों की आयोजन व्यवस्था संभाल रहे लोगों से बहस होने लगी। शुरुआत में मामला प्रवेश को लेकर हुए विवाद का था, लेकिन आरोप है कि इसके बाद मंडल अध्यक्ष तैश में आ गए और बालिका व उसके साथ मौजूद लोगों को बाहर जाने के लिए कहने लगे। विरोध करने पर धक्के देने का आरोप आरोप है कि जब बालिका ने इस व्यवहार पर आपत्ति जताई तो मंडल अध्यक्ष उसके पास पहुंचे और उसे धक्के देकर बाहर निकालने लगे। इस दौरान बालिका ने उनके व्यवहार को गलत बताते हुए विरोध किया। उसने यह भी कहा कि वह इस मामले में पुलिस से शिकायत करेगी। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। वीडियो में सामने आए घटनाक्रम को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि सार्वजनिक आयोजन में प्रवेश को लेकर विवाद होने पर व्यवस्था संभालने वालों को किस तरह व्यवहार करना चाहिए और क्या किसी प्रतिभागी के साथ इस तरह का बर्ताव उचित है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बताई जा रही बालिका बताया जा रहा है कि बालिका आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है। हालांकि, परिवार की आर्थिक स्थिति से संबंधित जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना को देखने वाले लोगों के बीच भी इस कथित व्यवहार को लेकर नाराजगी होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद से मंडल अध्यक्ष का फोन बंद मामले में मंडल अध्यक्ष कमल चौहान का पक्ष जानने की कोशिश की लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ ही है। उधर, बालिका के घटना के बाद से फिर आयोजन स्थल पर आने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
publish_date
मंडल अध्यक्ष ने युवती को धक्का मारकर पंडाल से निकाला:इंदौर में गरबा खेलने पहुंची थी, परिजनों से भी की बदसलुकी
