![]()
मंडीदीप कृषि उपज मंडी की वैकल्पिक उपमंडी सतलापुर के दशहरा मैदान में लगाई गई है। यहां धान लेकर पहुंचे किसानों को बिजली, पीने का पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। ऐसे में किसानों को खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ रही है। उन्हें अपनी फसल और कृषि उपकरणों की सुरक्षा की चिंता भी सता रही है। बुधवार रात करीब 10 बजे तक मैदान में 100 से 120 ट्रॉलियां खड़ी थीं। इनमें करीब 40 किलोमीटर दूर बैरागढ़ कला से आए किसान भी शामिल थे। गोलगांव, टीलाखेड़ी, सतलापुर और चिकलोद सहित आसपास के गांवों के किसान भी धान लेकर पहुंचे थे। चार-पांच साल से लग रही वैकल्पिक मंडी, हर बार परेशानी किसान महेश लोवंशी, नीलेश, गोलू और अनिकेत ने बताया कि पिछले चार-पांच साल से धान की आवक के दौरान सतलापुर में वैकल्पिक मंडी लगाई जाती है। हर साल सुविधाओं की कमी के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है। यहां पीने के पानी और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। किसानों के लिए भोजन का इंतजाम भी नहीं किया गया है। दशहरा मैदान के पास शराब की दुकान है। किसानों का कहना है कि यहां कुछ लोग शराब पीकर विवाद और मारपीट करते हैं। रात में रोशनी नहीं होने से चोरी और असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसानों को अपनी फसल और ट्रॉलियों की रखवाली के लिए रातभर जागना पड़ता है। सचिव ने गुरुवार को व्यवस्था कराने का दिया भरोसा कृषि उपज मंडी की सचिव राधिका प्रसाद गुप्ता ने स्वीकार किया कि वैकल्पिक मंडी में लाइट और शौचालय की व्यवस्था नहीं हो पाई है। उन्होंने गुरुवार को ये इंतजाम कराने का आश्वासन दिया। तहसीलदार हेमंत शर्मा ने कहा कि व्यवस्थाओं में कमी के कारणों की जानकारी लेकर जरूरी इंतजाम कराए जाएंगे। कांग्रेस ने दी धरने की चेतावनी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनुपाल और मंडीदीप नगर कांग्रेस अध्यक्ष दशरथ मीणा ने किसानों की समस्याओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों का हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन मंडी में उपज लेकर आने वाले किसानों के लिए बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं तक नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि गुरुवार शाम तक व्यवस्थाएं नहीं सुधारी गईं तो किसानों के समर्थन में धरना देकर विरोध किया जाएगा।
publish_date
मंडी में सुविधाएं नहीं, खुले में रात बिता रहे किसान:100 से 120 ट्रॉलियां पहुंचीं; मंडी सचिव बोले-लाइट और शौचालय की व्यवस्था करेंगे
