Headlines

मक्का बेचने के नाम पर 45,000 की धोखाधड़ी का प्रयास:नीलामी-तौल के बाद माल दूसरी जगह खाली किया, मुनीमों पर मिलीभगत का शक




नवीन कृषि उपज मंडी में मक्का बेचने के नाम पर एक व्यापारी से करीब 45 हजार रुपए की धोखाधड़ी के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिकअप वाहन में मक्का लाकर उसकी नीलामी कराई गई। धर्म कांटे पर तौल कराने के बाद मक्का व्यापारी के फड़ पर उतारने के बजाय दूसरी जगह खाली कर दी गई। इसके बाद खाली वाहन की तौल कराकर मुनीम से मसरफ बनवाया गया और भुगतान लेने पहुंच गए। व्यापारी को संदेह होने पर CCTV फुटेज चेक किए गए, जिसमें मक्का फर्म के फड़ तक नहीं पहुंचने की बात सामने आई। इस मामले में वैभव इंटरप्राइजेज के संचालक वैभव जैन ने सोमवार को एसपी से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। व्यापारी ने आशंका जताई है कि मंडी में इस तरह की धोखाधड़ी करने वाला पूरा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। 23 क्विंटल मक्का का बनाया मसरफ शिकायत के मुताबिक, 22 अक्टूबर को राकेश साहू का पिकअप वाहन मंडी पहुंचा था। वैभव इंटरप्राइजेज के नाम पर विनीत रजक का 23 क्विंटल मक्का का मसरफ बनाया गया। इसमें मक्का की कीमत 1,960 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से कुल 45,080 रुपए दर्ज की गई। इसके बाद विनीत रजक दलाल नीरज जैन के साथ भुगतान लेने पहुंचा। व्यापारी को संदेह होने पर CCTV फुटेज देखे गए। फुटेज के आधार पर व्यापारी का आरोप है कि मक्का उसकी फर्म के फड़ पर पहुंची ही नहीं थी, इसके बावजूद भुगतान के लिए मसरफ तैयार किया गया। मुनीमों की भूमिका पर संदेह वैभव जैन ने अपनी फर्म के मुनीम विशाल पाल, शिवकुमार शर्मा और अनिकेत यादव की भूमिका पर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि मसरफ तैयार करने में मिलीभगत हो सकती है। इस संबंध में देहात थाने में भी आवेदन दिया गया है। मामले में आरोपों की पुष्टि होना बाकी है। CCTV फुटेज और मंडी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग व्यापारी ने मंडी के CCTV फुटेज, कांटा पर्ची और वाहन प्रवेश रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही पिछले कुछ महीनों की संदिग्ध प्रविष्टियों की जांच कराने, किसानों की पहचान का सत्यापन करने और तौल व्यवस्था में डिजिटल मिलान लागू करने की मांग भी की है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *