![]()
पन्ना के मड़ला घाट पर जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस और जेके सीमेंट ने संयुक्त योजना बनाई है। घाट के 4 किलोमीटर लंबे रास्ते पर 4 से 5 मार्शल वॉलंटियर और एक क्रेन 24 घंटे तैनात रहेंगे। वाहन खराब होने या दुर्घटना की स्थिति में क्रेन से रास्ता तुरंत खाली कराया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने पुलिस प्रशासन और जेके सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। इसमें घाट के तीखे मोड़ों और संकरे रास्तों पर लगने वाले जाम से निपटने के उपाय तय किए गए। शाम 5 से रात 11 बजे तक रहता है वाहनों का दबाव प्रशासन ने भेरो टेक मंदिर, भारत पेट्रोलियम, लक्ष्मण पुलिया, चौकी मोड़ और बड़ी घूम को जाम संभावित स्थानों के रूप में चिन्हित किया है। इन स्थानों पर शाम 5 से रात 11 बजे तक वाहनों का दबाव सबसे ज्यादा रहता है। इस दौरान यातायात पुलिस का विशेष बल तैनात रहेगा। घाट के जिन स्थानों पर मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलता, वहां पुलिसकर्मी वॉकी-टॉकी से संपर्क करेंगे। नेटवर्क वाले स्थानों पर अधिकारियों के मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में लगाए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर वाहन चालक उनसे संपर्क कर सकें। जेके सीमेंट फैक्ट्री के 4 से 5 मार्शल वॉलंटियर चार पहिया वाहन से घाट पर लगातार गश्त करेंगे। रास्ते में कहीं वाहन खराब होने या रुकने पर वे तत्काल पुलिस को सूचना देंगे। वहीं, पांडव फॉल के पास एक क्रेन 24 घंटे तैयार रहेगी। दुर्घटना या वाहन खराब होने पर क्रेन की मदद से उसे रास्ते से हटाया जाएगा।
publish_date
मड़ला घाट पर जाम हटाने मार्शल और क्रेन तैनात:पन्ना पुलिस और जेके सीमेंट की योजना; चार किलोमीटर के रास्ते पर 24 घंटे गश्त
