![]()
मैहर जिले के घुनवारा स्थित सरकारी स्कूल में छात्राओं से शौचालय की सफाई कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। सोमवार दोपहर का बताया जा रहा यह वीडियो मंगलवार को सामने आया। इसमें एक छात्रा वाइपर से फर्श साफ करती दिख रही है, जबकि दूसरी पानी के जग से फर्श पर पानी डाल रही है। मामले में मंगलवार रात करीब 9 बजे कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने प्रधानाध्यापक लीला बाई सिंह को निलंबित कर दिया है। आगे की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। देखें 3 तस्वीरें… शुरुआती जांच में शिकायत की पुष्टि वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मामले का संज्ञान लेकर जांच के निर्देश दिए। आदेश के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुनवारा के संकुल प्राचार्य और जनशिक्षक ने शुरुआती संयुक्त जांच की। इसमें प्रधानाध्यापक लीला बाई सिंह द्वारा छात्राओं से शौचालय साफ कराने संबंधी शिकायत की पुष्टि हुई। कलेक्टर ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया था। मामले में हेडमास्टर को निलंबित किया गया है और आगे की जांच जारी है। पदीय दायित्वों में लापरवाही मानकर कार्रवाई कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने देर रात निलंबन आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि प्रधानाध्यापक का यह कृत्य पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और विभाग की छवि धूमिल करने वाला पाया गया है। आदेश में इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में लीला बाई सिंह का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अमरपाटन निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा।
publish_date
मैहर में छात्राओं से शौचालय साफ कराया, हेडमास्टर निलंबित:किताबों की जगह वाइपर और पानी का जग पकड़ी दिखीं छात्राएं; कलेक्टर ने कार्रवाई की
