रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग हुआ ग्वालियर का आसमान:शहर में धूमधाम से मनी दिवाली, लक्ष्मी पूजन के बाद जमकर हुई आतिशबाजी




ग्वालियर में दीपावली का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया है। शुभ मुहूर्त में लोगों ने अपने घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में धन की देवी मां लक्ष्मी का पूरे विधि-विधान से पूजन किया। पूजा-अर्चना के बाद पूरे शहर का आसमान सतरंगी आतिशबाजी से सराबोर हो उठा और देर रात तक पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। ग्वालियर के आसमान में आतिशबाजी की रंग-बिरंगी रोशनी एक अनोखी छटा बिखेर रही थी, जो देखते ही बन रही थी। तमाम समझाइश और अपील के बाद तेज धमाके के पटाखों की ध्वनि गूंजती नजर आई है। सुबह की खरीदारी से लेकर शाम के दीयों तक, रोशनी में नहाया शहर रविवार सुबह से ही शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। लोग अपनी दुकानों, मकानों और दफ्तरों की साफ-सफाई व सजावट में जुटे रहे। बाजारों में अशोक के पत्ते, गेंदे के फूल और पूजा सामग्री खरीदने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। शाम ढलते ही पूरा ग्वालियर शहर दुल्हन की तरह रंग-बिरंगी लाइटों और दीयों की रोशनी में जगमगा उठा। बच्चों ने बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और परिजनों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर त्योहार की बधाइयां दीं। अंचल के सबसे बड़े जौरासी लक्ष्मी मंदिर में महापूजन दीपावली के खास मौके पर ग्वालियर-चंबल अंचल के सबसे बड़े ‘जौरासी घाटी स्थित लक्ष्मी मंदिर’ में विशेष महापूजा का आयोजन किया गया। शाम 5 बजे शुरू हुआ पूजन शाम 7 बजे तक चला, जिसके बाद मंदिर प्रांगण में भव्य दीपमाला प्रज्ज्वलित की गई। इस दिव्य दर्शन और पूजा में शामिल होने के लिए शहरभर से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। रातभर गूंजते रहे पटाखे दीपावली की रात शाम 7 बजे से देर रात तक पटाखे फोड़ने की आवाज आती रही। हालांकि, दीपोत्सव के उत्साह के आगे समय की सीमा छोटी पड़ गई और शहरवासी रातभर जमकर आतिशबाजी करते नजर आए। कुछ लोगों ने किले पर जाकर भी आतिशबाजी की है। किले पर आतिशबाजी का नजारा भी देखते ही बन रहा था। एसपी के सख्त निर्देश: चौराहों पर तैनात रही पुलिस, 112 अलर्ट त्योहार की खुशियों में कोई खलल न पड़े, इसके लिए पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर के मुख्य बाजारों, नाकाबंदी पॉइंट्स और प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसपी सोमवंशी ने सभी थाना प्रभारियों और डायल 112 को सख्त निर्देश दिए थे कि मदद मांगने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा मुहैया कराई जाए। 6 दिन का दीपोत्सव: मंगलवार को लालटिपारा गौशाला में बनेगा विशाल गोवर्धन इस बार दीपावली का त्योहार 5 की जगह 6 दिनों का मनाया जा रहा है। रविवार को लक्ष्मी पूजन के बाद सोमवार और मंगलवार को गोवर्धन पर्व की तैयारियां रहेंगी, जबकि मुख्य गोवर्धन पूजा मंगलवार (10 नवंबर) को की जाएगी। मुरार स्थित लालटिपारा की गौशाला में विशाल गोवर्धन पर्वत बनाया जा रहा है, जहां हजारों लोग एक साथ जुटकर पूजा-अर्चना करेंगे।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *