राजगढ़ में 7 क्विंटल सोयाबीन चोरी के 6 आरोपी गिरफ्तार:40 हजार 300 रुपए और चोरी में इस्तेमाल 3 बाइक जब्त




राजगढ़ के खुजनेर में एक किसान के घर के बरामदे से 7 क्विंटल सोयाबीन चोरी करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम बखेड़ में किसान के घर से सोयाबीन की 14 कट्टियां चुराई थीं। पुलिस ने सोयाबीन बेचने से मिले 40 हजार 300 रुपए और चोरी में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। सभी आरोपी ग्राम दयाखेड़ी के रहने वाले हैं। पुलिस उनसे जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है। 25 दिन बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, घटना 20 अक्टूबर 2026 की रात की है। ग्राम बखेड़ निवासी गोवर्धनलाल दांगी (52) ने अपने घर के सामने बरामदे में सोयाबीन की कट्टियां रखी थीं। रात में दो मोटरसाइकिलों से आए आरोपी 14 कट्टियां उठाने लगे। इसी दौरान गोवर्धनलाल ने आवाज लगाई तो आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद उन्होंने खुजनेर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 221/26 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई। एसडीओपी भावना दांगी के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना कबूल किया। उनकी निशानदेही पर सोयाबीन बेचने से मिले 40 हजार 300 रुपए और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। सोमवार को पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह 6 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार (26), घनश्याम (34), नरेश (30), विनोद (31), सोनू (32) और पोथीराम (28) के रूप में हुई है। सभी ग्राम दयाखेड़ी, थाना लीमाचौहान के निवासी हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि ठाकुर सहित खुजनेर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *