Headlines

रायसेन में 65 लाख साल पुराने भीमकाय हाथी का जबड़ा:बच्चों को नर्मदा किनारे खेलते समय मिला था पत्थर; दांतों की तरह आकार




रायसेन जिले में देवरी के पास नर्मदा किनारे खेलते समय बच्चों को दांतों वाला विशाल जीवाश्म मिला है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) की टीम ने शुक्रवार को जांच के बाद इसे विलुप्त हाथी प्रजाति स्टेगोडॉन नेमाडिकस का निचला जबड़ा बताया है। शुरुआती आकलन के मुताबिक, यह मायोसीन से प्लाइस्टोसीन भूवैज्ञानिक काल का हो सकता है। इसकी सटीक उम्र और अन्य वैज्ञानिक तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद होगी। खेलते समय मिट्टी में दिखी दांतों जैसी आकृति जीवाश्म देवरी के पास पतई घाट पर मिला। मंगलवार को कुछ बच्चे नर्मदा किनारे मिट्टी खोदकर खेल रहे थे। इसी दौरान उन्हें मिट्टी में दांतों जैसी आकृति दिखाई दी। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने करीब एक से डेढ़ फीट खुदाई की तो पत्थर जैसी विशाल आकृति सामने आई। एक तरफ 11, दूसरी तरफ 7 दांत जैसी संरचनाएं जीवाश्म में एक तरफ 11 और दूसरी तरफ 7 दांत जैसी संरचनाएं दिखाई दीं। इसकी जानकारी फैलने के बाद आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। बाद में इसकी सूचना भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की टीम को दी गई। GSI टीम ने दांतों की बनावट जांची शुक्रवार को भूवैज्ञानिक हसन खान के नेतृत्व में GSI की विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जीवाश्म की बनावट और दांतों की संरचना का परीक्षण किया। शुरुआती जांच में इसे विलुप्त हाथी प्रजाति स्टेगोडॉन नेमाडिकस का निचला जबड़ा माना गया है। लाखों साल पुराने भूवैज्ञानिक काल का हो सकता है जीवाश्म विशेषज्ञों के शुरुआती आकलन के मुताबिक, जीवाश्म मायोसीन से प्लाइस्टोसीन भूवैज्ञानिक काल का हो सकता है। इस काल की समयावधि करीब 65 लाख साल पहले से 11,800 साल पहले तक मानी जाती है। हालांकि, जीवाश्म की वास्तविक उम्र और इससे जुड़ी दूसरी वैज्ञानिक जानकारियां विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *