![]()
रीवा की सिलपरा नहर में डूबकर लापता हुए जुड़वा भाइयों अंशु सेन और प्रांशु सेन की तलाश गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी है। एसडीआरएफ की टीम नहर में लगातार तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन अब तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। परिवार के लोग उनके मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। दोनों भाई मूल रूप से गोविंदगढ़ क्षेत्र के पोड़की गांव के रहने वाले थे। वे रीवा में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। मंगलवार शाम ट्यूशन के बाद दोस्तों के साथ सिलपरा नहर पहुंचे थे। इसी दौरान एक भाई नहर में गिर गया। उसे बचाने के लिए दूसरा भाई भी पानी में कूद गया। नहर में तेज बहाव के कारण दोनों बह गए। नहर का पानी बंद नहीं होने पर परिजनों ने किया था चक्काजाम घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। मंगलवार शाम से शुरू हुआ अभियान बुधवार को भी जारी रहा, लेकिन दोनों का पता नहीं चला। बुधवार को रेस्क्यू में देरी और नहर का पानी बंद नहीं कराए जाने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने रीवा-गोविंदगढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था। उनका कहना था कि नहर में तेज बहाव के कारण तलाशी में परेशानी हो रही है। अधिकारियों ने उन्हें समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खत्म हुआ। एसडीआरएफ कमांडर विकास पांडेय ने बताया कि टीम लगातार दोनों किशोरों की तलाश कर रही है। गुरुवार को तीसरे दिन भी नहर में रेस्क्यू अभियान जारी है।
publish_date
रीवा की सिलपरा नहर में जुड़वा भाइयों की तलाश:तीसरे दिन पहले हुए थे गायब, परिजनों ने किया था चक्काजाम
