![]()
रीवा में चिल्ड्रेन मेडिकल सेंटर के बेसमेंट में बुधवार शाम निर्माण कार्य के दौरान आग लग गई। धुआं अस्पताल के दूसरे हिस्सों तक फैलने से भर्ती बच्चों की जान खतरे में पड़ गई। परिजन बच्चों को लेकर बाहर भागे, वहीं अस्पताल स्टाफ ने सभी बच्चों को सुरक्षित निकालकर दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। बेसमेंट से उठीं लपटें, अस्पताल में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार शाम अचानक बेसमेंट से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में धुआं अस्पताल के दूसरे हिस्सों तक पहुंच गया। बच्चों के भर्ती होने के कारण स्थिति संवेदनशील हो गई। परिजन घबराकर अपने बच्चों को गोद में लेकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। स्टाफ ने एक-एक कर बच्चों को निकाला
आग की जानकारी मिलते ही अस्पताल कर्मचारियों ने बच्चों को सुरक्षित निकालने की व्यवस्था संभाली। जो बच्चे खुद चलने में सक्षम नहीं थे, उन्हें गोद में उठाकर दूसरे वार्ड में पहुंचाया गया। इसके बाद सभी बच्चों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। आग पर काबू पाने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, बिल्डिंग में निर्माण कार्य के दौरान आग लगी थी। आग बेसमेंट से शुरू हुई। हालांकि इसके वास्तविक कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन होना बाकी है। निजी अस्पतालों की फायर एनओसी पर उठे सवाल
इस घटना ने रीवा के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के अधिकांश नर्सिंग होम के पास फायर एनओसी नहीं होने की बात सामने आती रही है। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि अस्पतालों में आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था है या नहीं। अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच की जरूरत
अस्पतालों में नवजात बच्चों और गंभीर मरीजों का इलाज होता है, जिन्हें आपात स्थिति में सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण होता है। चिल्ड्रेन मेडिकल सेंटर की घटना के बाद बेसमेंट में निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन और अस्पताल में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की जांच जरूरी हो गई है। प्रशासन को शहर के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम की फायर सेफ्टी व्यवस्था का भी परीक्षण करना चाहिए।
publish_date
रीवा के चिल्ड्रेन मेडिकल सेंटर में लगी आग:डर की वजह से भगदड़; मासूम बच्चों को बचाकर दूसरे अस्पताल में किया शिफ्ट
