Headlines

रीवा में हत्या कर 6 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया:झाड़ियों में मिली बाइक, पास की मिट्टी हटाई तो निकला शव; गिरफ्तारी की मांग पर चक्काजाम




रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र में बकरी व्यापारी की हत्या कर शव जमीन में दफन करने का मामला सामने आया है। शनिवार शाम बौलिया घाट से चांद रोड के बीच करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में 60 वर्षीय लाखू (लक्खू) चिकवा का शव मिला। वे चौखंडी गांव के रहने वाले थे। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक चक्काजाम किया। झाड़ियों में मिली बाइक, पास में ताजी मिट्टी दिखी जानकारी के मुताबिक, लाखू चिकवा बकरी के व्यापार के सिलसिले में चांद गांव जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वे लापता हो गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में मिली। आसपास तलाश करने पर नजदीक ही ताजी मिट्टी दिखाई दी। संदेह होने पर उस जगह की जांच की गई तो करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में उनका शव दफन मिला। लूट के इरादे से हत्या की आशंका शुरुआती आशंका है कि बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से लाखू चिकवा की हत्या की और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जमीन में दफना दिया। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। शव मिलने की सूचना पर अतरैला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। डभौरा एसडीओपी नारायण कुम्हारे ने बताया कि मामला हत्या का है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी की मांग पर देर रात तक चक्काजाम व्यापारी की हत्या की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम किया। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *