वार करते ही मुड़ गया चाकू, पत्नी का गला काटा:मां बोली- बेटी ने कहा था, पति झगड़ रहा; जीजा के घर मिला साली का शव




दामाद बेटी से मारपीट करता था, क्योंकि शादी के चार साल बाद भी संतान नहीं थी। बेटी की हत्या के एक दिन पहले ही उससे फोन पर बात हुई थी। बोल रही थी- ये झगड़ा रहा, बताओ मैं क्या करूं….? इतना कहते ही शशि सेन की आंखें भर आईं। 21 अक्टूबर को गुना के निर्माणाधीन मकान में उनकी बेटी लक्ष्मी सेन (26) का लहूलुहान शव मिला था। मकान महिला के जीजा का है। हत्या का शक महिला के पति राकेश सेन पर है। राकेश फरार है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ने लक्ष्मी की पीठ पर चाकू से ऐसा वार किया कि वो मुड़ गया। इसके बाद अन्य धारदार हथियार से गले पर मारा। वारदात के दौरान दोनों के बीच संघर्ष के निशान भी मिले हैं। इसमें आरोपी के हाथ पर भी चोट आई थी। राकेश ही पत्नी को यहां लेकर आया था। दैनिक भास्कर ने मामले की पड़ताल की। पुलिस और परिजन से बातचीत के आधार पर जानने की कोशिश की कि आखिर वारदात के दौरान या पहले क्या हुआ होगा। पढ़िए रिपोर्ट… जमीन पर पड़ा था शव, आसपास बिखरा था खून
सीएसपी सैफा हाशमी ने बताया कि बुधवार रात नानाखेड़ी इलाके में मकान में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में जमीन पर महिला का शव पड़ा था। आसपास फर्श पर खून बिखरा हुआ था। दीवारों पर भी कई जगह खून के छींटे थे। आशंका जताई गई कि दोनों के बीच संघर्ष भी हुआ होगा। पास में ही चारपाई पर बिस्तर रखा था। खून से सने जूतों के निशान भी बने हुए थे। घटनास्थल पर मुड़ा हुआ चाकू भी मिला है। अब तक ये कहानी सामने आई 2021 में हुई थी राकेश से शादी
लक्ष्मी के बड़े भाई नीरज सेन ने बताया कि मूल रूप से बीनागंज के रहने वाले हैं। साल 2018 बहन लक्ष्मी की शादी कुंभराज में की थी। पति लड़ाई झगड़ा करता था। 2021 की शुरुआत में उसका तलाक करा दिया। वापस बीनागंज ले आए थे। इसके बाद अक्टूबर 2021 में गुना के रहने वाले राकेश के साथ शादी की थी। राकेश सैलून पर काम करता था। फिर मजदूरी करने लगा। नीरज ने बताया कि 24 सितंबर को लक्ष्मी अपनी मर्जी से कहीं चली गई थी। कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। बाद में पता चला कि उसकी सोशल मीडिया पर हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा के रहने वाले किसी युवक से दोस्ती हो गई थी। वह गुना से ट्रेन से कांगड़ा पहुंची। यहां वह अपने प्रेमी के घर रह रही थी। 7 अक्टूबर को मां के पास लक्ष्मी का कॉल आया। उसने कहा कि मुझे मत ढूंढो, मैं मर्जी से आई हूं। इसके बाद खोजबीन बंद कर दी। हालांकि 18 अक्टूबर को परिजन पुलिस के साथ हिमाचल प्रदेश पहुंचे। 19 अक्टूबर को उसे वापस गुना ले आए। जीजा के निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा
टीआई अनूप भार्गव ने बताया कि मंगलवार को राकेश उसे लेकर नानाखेड़ी में रहने वाले जीजा के घर पहुंचा। यहां जीजा ने मना कर दिया कि यहां नहीं रहोगे। इसके बाद राकेश उसे लेकर इसी इलाके में जीजा के ही दूसरे निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा। वहां मंगलवार रात दोनों वहीं रुके। आशंका है कि सुबह दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा। इसके बाद राकेश ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। छोटे चाकू से मर्डर की कोशिश
टीआई के मुताबिक मौके पर सब्जी काटने वाला मुड़ा हुआ चाकू मिला है। लक्ष्मी की पीठ पर भी चाकू के निशान भी हैं। इससे आशंका है कि पहले राकेश ने इस चाकू से उसे मारने की कोशिश की, लेकिन कमजोर होने से चाकू मुड़ गया। इसके बाद किसी ऐसी चीज से गले पर वार किया, जो बहुत धारदार नहीं थी। दोनों के बीच संघर्ष भी हुआ है। महिला के हाथों में भी चोट के निशान हैं। दोस्त की दुकान पर स्कूटी रखने पहुंचा
जांच के दौरान पता चला है कि वारदात को अंजाम देने के बाद राकेश नानाखेड़ी इलाके में ही अपने दोस्त की दुकान पर पहुंचा। वहां उसने अपनी स्कूटी खड़ी दी। इसी दुकान पर राकेश पहले काम करता था। पुलिस ने दुकान संचालक से जानकारी ली। उसने बताया कि राकेश के हाथ से खून निकल रहा था। उसने कहा था कि थोड़ी देर में इलाज कराकर वापस आ जाएगा। तब तक गाड़ी रख लो। इसके बाद वापस नहीं लौटा। पिता से फोन पर कहा- मकान पर जाकर देख लो
राकेश ने बुधवार शाम करीब 5:30 बजे अपने पिता प्राण सिंह को कॉल किया। कहा कि जीजा के मकान पर जाकर देख लो। उसके बाद पिता मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें लक्ष्मी का शव पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने बाकी परिवार वालों और पड़ोसियों को बताया। पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस, फॉरेंसिक की टीम पहुंची। मंगलवार रात या बुधवार सुबह मर्डर की आशंका
परिस्थितियों के आधार पर पुलिस मानकर चल रही है कि महिला की हत्या मंगलवार रात या बुधवार सुबह 8 बजे से पहले की गई है। कारण- फर्श पर पड़ा खून सूखने लगा था। दूसरा- राकेश सुबह 10 बजे अपने दोस्त की दुकान पर पहुंचा था। इससे आशंका है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, उससे 10- 12 घंटे पहले वारदात को अंजाम दिया जा चुका था। यह खबर भी पढ़ें…
जीजा के घर में साली की गला रेतकर हत्या मध्यप्रदेश के गुना में बुधवार को एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव कैंट थाना क्षेत्र की बृजबिहार कॉलोनी में जीजा के घर मिला। महिला के गले पर निशान मिले हैं। धारदार हथियार के वार से उसकी सांस की नली कट गई। पूरी खबर पढ़ें…



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *