![]()
इंदौर में फेसबुक पर शेयर मार्केट का विज्ञापन देखकर वॉटर पार्क संचालक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। आरोपियों ने उन्हें पहले 10 से 20% तक मुनाफा दिखाया और फिर ट्रेडिंग के नाम पर ₹8.59 लाख जमा करा लिए। इसके बाद खाते में ₹29 लाख का फर्जी मुनाफा दिखाया गया। आरोपियों ने IPO में शेयर दिलाने के नाम पर उनसे 18 लाख रुपए और मांगे। हीरा नगर पुलिस ने रितेश कुमार निमाड़े की शिकायत पर शुक्रवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फेसबुक विज्ञापन से वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा रितेश कुमार निमाड़े वॉटर पार्क का संचालन करते हैं। उन्होंने 12 अगस्त को फेसबुक पर स्टॉक मार्केट से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप CLIMB HIGHER – 993 से जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में BLST के टिप्स और कॉल दिए जाने लगे। शुरुआत में उन्हें 10 से 20% तक मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद उनसे आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मांगे गए। एप्लीकेशन के सत्यापन के लिए वॉट्सऐप पर वीडियो कॉल की गई। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम वंशिका बताया। उसने फॉर्म और जानकारी की पुष्टि करने के बाद दो दिन में अकाउंट चालू करने का आश्वासन दिया। ट्रेडिंग के नाम पर जमा कराए ₹8.59 लाख 18 अगस्त को दोबारा कॉल करके बताया गया कि कंपनी ने उनकी एप्लीकेशन स्वीकार कर ली है। इसके बाद 25 अगस्त से वंशिका के निर्देश पर ट्रेडिंग शुरू हुई। इस दौरान रितेश ने करीब ₹8 लाख 59 हजार रुपए जमा कराए। ग्रुप में उनके खाते का मुनाफा ₹29 लाख दिखाया गया। IPO में 92 हजार शेयर मिलने का दावा 10 सितंबर को ग्रुप में बताया गया कि कार्बन स्टील इंजीनियरिंग लिमिटेड का IPO आने वाला है। इसमें उन्हें करीब 51 रुपए प्रति शेयर की कम कीमत पर शेयर दिलाने की बात कही गई। 12 सितंबर को IPO खुलने पर रितेश के खाते में 47 लाख रुपए मूल्य के 92 हजार शेयर आवंटित दिखाए गए। इसके बाद उनसे खाते में 18 लाख रुपए और जमा करने को कहा गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि रकम जमा नहीं करने पर IPO का सब्सक्रिप्शन रद्द कर दिया जाएगा। ग्रुप के सदस्यों से संपर्क किया तो खुला मामला इतनी बड़ी रकम जमा करने से पहले रितेश ने ग्रुप के दूसरे सदस्यों से बात करने का फैसला किया। उन्होंने वॉट्सऐप से उनके नंबर लिए, लेकिन कई नंबर बंद मिले या कवरेज क्षेत्र से बाहर थे। इसी दौरान उनकी नागपुर के एक व्यक्ति से बात हुई। उसने बताया कि CLIMB HIGHER – 993 एक फर्जी ऐप है और इसके जरिए कई लोगों के साथ ठगी हो चुकी है। पैसे मांगे तो महिला ने कॉल उठाना बंद किया मामले का पता चलने के बाद रितेश ने ग्रुप लीडर वंशिका से अपने पैसे वापस मांगे। इसके बाद उसने कॉल उठाना बंद कर दिया। कई दिनों तक परेशान होने के बाद रितेश ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर हीरा नगर पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
publish_date
वॉटर पार्क संचालक से 8.59 लाख की ठगी:इंदौर में फेसबुक पर देखा स्टॉक मार्केट का विज्ञापन; 29 लाख मुनाफा दिखाकर फिर मांगे 18 लाख
