Headlines

सागर में 300 साल पुराना गोवर्धन धाम मंदिर:बाल स्वरूप में अंगुली पर गोवर्धन पर्वत लिए विराजे हैं भगवान श्रीकृष्ण




सागर के तिली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्री देव गोवर्धन धाम मंदिर में दीपावली के दूसरे दिन से दो दिवसीय मेले का आयोजन होगा। मेले में बुंदेलखंड की पारंपरिक मौनिया नृत्य की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके लिए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से मौनिया मंदिर पहुंचेंगे। यहां भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मौनिया नृत्य करेंगे। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मंदिर परिसर में मेले की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। झूले और दुकानें लगना शुरू हो गई हैं। 300 साल से ज्यादा पुराना है मंदिर का इतिहास आयुर्वेदिक हॉस्पिटल के पास स्थित श्री देव गोवर्धन धाम मंदिर मराठाकालीन है। इसका इतिहास 300 साल से अधिक पुराना बताया जाता है। अंग्रेज शासनकाल और वन विभाग के रिकॉर्ड में भी मंदिर का उल्लेख मिलता है। पहले यहां घने जंगल के बीच एक मढ़िया हुआ करती थी। वर्ष 1993 में यहां भव्य मंदिर का निर्माण शुरू कराया गया, जो 1994 में बनकर तैयार हुआ। इसके बाद मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल स्वरूप प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा में भगवान श्रीकृष्ण अपनी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाए हुए दिखाई देते हैं। करीब 100 साल पुरानी है मेले की परंपरा मंदिर में दीपावली के दूसरे दिन से दो दिवसीय मेले की परंपरा करीब 100 साल पुरानी है। इस मेले की खास पहचान मौनिया नृत्य है। मौनिया मंदिर को अपना प्रमुख पूजा स्थल मानते हैं। वे यहां पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद मौनिया नृत्य की प्रस्तुति देते हैं। वहीं, स्थानीय लोग दीवारी गीत गाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी है मौनिया नृत्य की मान्यता मौनिया नृत्य बुंदेलखंड का पारंपरिक लोकनृत्य है। इसमें शामिल लोग मौन व्रत रखकर नृत्य करते हैं, इसलिए इसे मौनिया नृत्य कहा जाता है। जानकार मोहन यादव के अनुसार, मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण एक बार यमुना नदी के किनारे बैठे थे। इसी दौरान उनकी गायें कहीं चली गईं। गायों के बिछड़ने से दुखी होकर भगवान श्रीकृष्ण मौन हो गए। इससे उनके ग्वाल मित्र परेशान हो गए। उन्होंने गायों को तलाशकर वापस लाया, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपना मौन तोड़ा। मान्यता के अनुसार, तभी से मौनिया बनने और मौनिया नृत्य की परंपरा शुरू हुई। इस परंपरा में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त और गाय चराने वाले लोग दीपावली के एक दिन बाद मौन परमा पर मौन व्रत रखते हैं। इसके बाद नृत्य करते हुए 12 गांवों की परिक्रमा लगाते हैं। मेले के लिए झूले और दुकानें लगना शुरू गोवर्धन धाम मंदिर में दो दिवसीय मेले की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। मंदिर के नीचे स्थित खाली परिसर में मेला लगाया जा रहा है। यहां झूले और अलग-अलग तरह की दुकानें लगना शुरू हो गई हैं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। लोग भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के साथ मेले का आनंद लेंगे।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *