![]()
ग्वालियर के घाटीगांव में सिगरेट और गुटखा नहीं देने पर कार सवार युवकों ने दुकानदार और उसके साथियों पर कट्टे से फायरिंग कर दी। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है। दुकान बंद होने की बात पर भड़के युवकों ने पहले गाली-गलौज की, फिर कट्टा निकालकर दो से तीन हवाई फायर किए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घटना घाटीगांव के जखा गांव की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है। मुख्य आरोपी अजय चौहान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अवैध कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। अलाव ताप रहे थे दुकानदार और उसके साथी जखा गांव निवासी पंजाब सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि वह सुरेंद्र रावत और सिमरिया टांका निवासी इंदर बघेल के साथ घर के बाहर अलाव ताप रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की कार (MP07 AD 4177) से अजय चौहान, ऋषि चौहान, खन्ना खान और मुकेश बघेल वहां पहुंचे। चारों ने पंजाब सिंह से दुकान खोलकर सिगरेट और गुटखा देने को कहा। दुकान बंद होने पर विवाद, कट्टे से किए फायर पंजाब सिंह ने देर रात होने और दुकान बंद होने की बात कहकर सामान देने से मना कर दिया। इस पर चारों युवक गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर अजय चौहान ने कमर से कट्टा निकालकर दो से तीन हवाई फायर कर दिए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। पंजाब सिंह और उसके साथी जान बचाने के लिए घरों में छिप गए। आरोप है कि जाते समय युवकों ने दोबारा सामान देने से मना करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई मारपीट की शिकायत मामले में दूसरे पक्ष से अजय चौहान ने भी पुलिस में शिकायत की है। उसका आरोप है कि पंजाब सिंह रावत, सुरेंद्र रावत, मंगल बघेल और इंदर बघेल ने उसके और साथियों के साथ मारपीट की। अजय ने आरोप लगाया कि वे लाठी-डंडे लेकर उनके पीछे भी दौड़े थे। मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कट्टा बरामद घाटीगांव थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल अवैध कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश के साथ घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के भागने का रास्ता पता चल सके।
publish_date
सिगरेट-गुटखा नहीं दिया तो दुकानदार पर कट्टे से फायरिंग:भागकर बचाई जान, ग्वालियर में दुकान बंद करने पर भड़के कार सवार 4 युवक; मुख्य आरोपी गिरफ्तार
