12 लाख नकद और 10 लाख के जेवर चोरी:शिवपुरी में घर की कुंदी काटकर घुसे चोर; दूसरे कमरे में परिवार सोता रहा




शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र अंतर्गत खरेह गांव में 22 लाख की चोरी हुई। चोर घर के पिछले रास्ते से घुसे और कमरे का कुंदा काटकर अंदर रखे बक्सों से सूटकेस ले गए। सूटकेस में रखे 12 लाख रुपए नकद और करीब 10 लाख के सोने-चांदी के जेवरात भी ले गए। वारदात के वक्त परिवार के लोग दूसरे कमरों में बेखबर सोते रहे। शुक्रवार सुबह महिलाओं के उठने पर चोरी का खुलासा हुआ। चोरों ने गांव के ही एक अन्य मकान से भी 20 हजार रुपए से ज्यादा की नकदी पार कर दी। कीर्तन के बाद सो गया था परिवार पीड़ित अंकित रघुवंशी ने बताया कि गुरुवार रात उनके घर के बाहर कीर्तन का आयोजन हुआ था। रात करीब 12 बजे वे, उनके पिता रामकुमार रघुवंशी और परिवार के बाकी सदस्य सो गए थे। आशंका जताई जा रही है कि रात 2 से 4 बजे के बीच चोर घर के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुए। सुबह जब पत्नी उठी तो कमरे का टूटा कुंदा और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। बैंक पेनल्टी से नाराज होकर निकाले थे 8 लाख अंकित ने बताया कि फसल बिक्री के 8 लाख रुपए पहले बैंक में जमा थे, लेकिन चार महीने पहले बैंक ने 1100 रुपए की पेनल्टी काटने से नाराज होकर पिता के कहने पर उन्होंने पैसे निकाल लिए थे। बाद में फसल बिक्री के 4 लाख रुपए और जोड़कर कुल 12 लाख रुपए नकद घर पर ही रखे थे, जिनसे नया ट्रैक्टर या प्लॉट खरीदने का प्लान था। चोर नकद के साथ पुश्तैनी सोने का हार, चेन और अंगूठियों समेत 10 लाख रुपए के जेवर ले गए। इसी रात चोरों ने गांव के बंधु सिंह रघुवंशी के घर से भी 20 हजार रुपए नकद चुराए। मुंह पर कपड़ा बांधे कैमरे में दिखे संदिग्ध अंकित के अनुसार गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं, जिन्होंने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और हाथों में ग्लव्स पहन रखे थे। लेकिन ये वीडियो पुलिस ने जारी नहीं किए हैं। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को बुलाकर मौके से सुराग जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *