![]()
मध्य प्रदेश सरकार इस बार जनजातीय गौरव दिवस को लेकर कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को सरकार जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाती है। इस उपलक्ष्य में प्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को संस्कारधानी जबलपुर से होगी, जहां तीन दिवसीय आयोजनों का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर को धार और आलीराजपुर में सिंचाई परियोजनाओं से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि 16 नवंबर को खंडवा में विशेष जनजातीय गौरव आयोजन के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा। जनजातीय गौरव दिवस और बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में होने वाले इन कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा करने के लिए आज दोपहर 3 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और भाजपा अनुसूचित जनजाति (अजजा) मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम संबोधित करेंगे। बीजेपी एसटी मोर्चा द्वारा 12 से 20 नवंबर तक तय कार्यक्रम ये कार्यक्रम भी होंगे बिरसा मुंडा शोध पीठ की स्थापना: प्रदेश के विश्वविद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, दर्शन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर केंद्रित शोध पीठ (चेयर) स्थापित की जाएंगी। प्रतिमा स्थापना एवं सार्वजनिक स्थलों का नामकरण: प्रदेश के प्रमुख शहरों के भवनों, सड़कों, चौराहों और पार्कों का नामकरण जनजातीय क्रांतिवीरों के नाम पर किया जाएगा तथा प्रमुख पार्कों में महानायकों की प्रतिमाएं स्थापित होंगी। शिक्षा, रोजगार व आजीविका पर नई घोषणाएं: गौरव दिवस के आयोजनों के दौरान जनजातीय क्षेत्रों, युवाओं और समाज के स्वावलंबन हेतु शिक्षा, रोजगार व नई आजीविका केंद्रित योजनाओं की घोषणाएं की जा सकती हैं। शैक्षणिक संस्थानों में युवा सहभागिता: स्कूल, कॉलेज और तकनीकी संस्थानों में प्रार्थना सभाओं के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के योगदान व जनजातीय समाज की अस्मिता पर संवाद और प्रासंगिक साहित्य का वितरण किया जाएगा। मोबाइल ट्राइबल म्यूजियम व संग्रहालय समीक्षा: प्रदेश में स्वीकृत जनजातीय संग्रहालयों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा होगी और आवश्यकतानुसार दूरस्थ अंचलों के लिए ‘मोबाइल जनजातीय म्यूजियम’ की व्यवस्था की जाएगी।
publish_date
14 से 16 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव दिवस:जबलपुर से होगी शुरुआत, धार-अलीराजपुर में सिंचाई परियोजनाओं के कार्यक्रम; खंडवा में समापन
