![]()
छिंदवाड़ा के कन्हैया ढाना में दूषित पानी पीने से बच्चों के बीमार होने का मामला अब प्रशासनिक लापरवाही की तस्वीर सामने ला रहा है। गांव में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था होने का प्रशासन का दावा दैनिक भास्कर डिजिटल की पड़ताल में गलत साबित हुआ। भास्कर की टीम जब मंगलवार को मौके पर पहुंची तो सरकारी ट्यूबवेल बंद मिला। गांव के दो हैंडपंप में से एक खराब था, जबकि दूसरे से पीला पानी निकल रहा था। टीम ने हैंडपंप से पानी का सैंपल बोतल में लिया तो कुछ देर बाद पानी का रंग पीला दिखाई देने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि वे मजबूरी में आसपास के जल स्रोतों से पानी जुटाकर पी रहे हैं। दूषित पानी से बच्चों के बीमार होने की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीक और ग्रामीणों ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। इसके बाद प्रशासन की ओर से गांव में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था होने और हैंडपंप व बोरवेल से पानी की आपूर्ति किए जाने का दावा किया गया था। लेकिन मौके की स्थिति इससे बिल्कुल उलट मिली। जिस ट्यूबवेल से पानी सप्लाई होने की बात कही जा रही थी, वह करीब दो सप्ताह से बंद पड़ा था। गांव में 52 बच्चे, 17 में मिले खुजली और एलर्जी के लक्षण स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कन्हैया ढाना गांव में कुल 52 बच्चे हैं, जिनमें से 17 बच्चों में खुजली और एलर्जी के लक्षण पाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार शुरू किया। विभाग के अनुसार वर्तमान में लगभग सभी बच्चे स्वस्थ हो चुके हैं, हालांकि उनके शरीर पर अभी भी रैशेज (चकत्ते) मौजूद हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य परीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, दूषित पानी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है। पीड़ित बच्ची बोली- एक सप्ताह से हो रही खुजली गांव में बीमारी से पीड़ित मासूम बच्ची अन्य यादव ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से उसके शरीर पर खुजली और फुंसियां हो रही हैं। बच्ची का कहना है कि उसके साथ की करीब 25 अन्य बच्चियों को भी इसी तरह की परेशानी है। बच्ची के पिता ने आशंका जताई कि हैंडपंप का पानी पीने के कारण बच्चों को यह समस्या हो रही है। उनका कहना है कि गांव में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हालांकि, बीमारी का वास्तविक कारण पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। भास्कर की पड़ताल में PHE के दावों की खुली पोल भास्कर की टीम के पहुंचने के दौरान PHE विभाग के कर्मचारी बंद पड़े हैंडपंप को सुधारते मिले। विभाग के फील्ड टेक्नीशियन दीवान शाह वाडिवा ने कैमरे पर स्वीकार किया कि हैंडपंप को मंगलवार को ही सुधारा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी ट्यूबवेल को भी मंगलवार को चालू किया गया है। दूसरे हैंडपंप के पानी में फ्लोराइड की आशंका के चलते सैंपल जांच के लिए लैब भेजा गया है। सवाल यह है कि जब गांव में पेयजल के स्रोतों की स्थिति पहले से खराब थी तो समय रहते इनकी मरम्मत और पानी की जांच क्यों नहीं कराई गई? भास्कर की खबर के बाद मौके पर पहुंचीं CMHO भास्कर डिजिटल पर खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मची। CMHO डॉ. अर्चना केथवास मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से गांव में रहकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। CMHO ने चर्चा में कहा कि दूषित पानी की समस्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। सभी पेयजल स्रोतों की जांच कराई जा रही है। पानी के स्रोतों में आवश्यक दवाएं डालने के साथ ग्रामीणों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को बच्चों की नियमित स्क्रीनिंग करने के निर्देश भी दिए। ग्रामीण बोले- महीनों से बंद हैंडपंप, दो सप्ताह से ट्यूबवेल भी बंद क्षेत्र के जनपद सदस्य शंकर धुर्वे ने बताया कि कन्हैया ढाना में लंबे समय से पेयजल व्यवस्था खराब है। एक हैंडपंप कई महीनों से बंद पड़ा है, जबकि दूसरे हैंडपंप से पीला पानी निकल रहा है। सरकारी ट्यूबवेल में मोटर और बिजली कनेक्शन की समस्या के कारण पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही थी। ग्रामीणों को आसपास के जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी के कारण यह स्थिति बनी है। मंगलवार को ही स्वास्थ्य विभाग और PHE की टीमें सक्रिय हुई हैं। महिला बोली- नदी के पानी से नहाते और कपड़े धोते हैं गांव की महिला रेखा यादव ने बताया कि हैंडपंप से निकलने वाला पानी कुछ समय बाद पीला हो जाता है। गांव का सरकारी ट्यूबवेल बंद पड़ा होने के कारण पानी की समस्या बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीण नदी के पानी का उपयोग नहाने और कपड़े धोने के लिए कर रहे हैं। महिला ने आशंका जताई कि दूषित पानी के संपर्क में आने से ग्रामीणों और बच्चों को त्वचा संबंधी समस्याएं हो रही हैं। पेयजल के साथ नहाने और कपड़े धोने के लिए भी स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग और बिजली कंपनी की टीमें पहुंचीं भास्कर डिजिटल की खबर के बाद मंगलवार को कन्हैया ढाना में स्वास्थ्य विभाग, PHE और बिजली कंपनी की टीमें पहुंचीं। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों की स्क्रीनिंग की। PHE ने खराब हैंडपंप की मरम्मत की, वहीं बिजली कनेक्शन की समस्या के कारण बंद पड़े सरकारी ट्यूबवेल को भी चालू करने की कार्रवाई की गई। बिजली संबंधी समस्या दूर होने के बाद ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने बताई पानी की समस्या, महिलाएं भी परेशान ग्रामीण गुलदास यादव ने बताया कि गांव में पीने के पानी की गंभीर समस्या है। ट्यूबवेल दो सप्ताह से बंद था। एक हैंडपंप खराब है और दूसरे से पीला पानी निकल रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को दूषित पानी पीने की मजबूरी है। वहीं, महिला कुशमा यादव ने बताया कि गांव में पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ट्यूबवेल में मोटर डाली गई है, लेकिन वह बंद पड़ा था। एक हैंडपंप खराब है और दूसरे से पीला पानी आता है। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रशासन ने गांव में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था होने का दावा किया था, लेकिन भास्कर की पड़ताल में ट्यूबवेल और हैंडपंप बंद मिले। 52 बच्चों में से 17 में खुजली और एलर्जी के लक्षण मिले। ग्रामीणों को पीने के पानी के साथ नहाने और कपड़े धोने के लिए भी नदी के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। अब पानी की जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि हैंडपंप का पानी पीने योग्य है या नहीं। फिलहाल ग्रामीण स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं। PHE एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का बयान इस मामले में परासिया PHE विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राहुल मेहरा ने बताया कि घटना सामने आने के बाद उसी दिन 17 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 12 की रिपोर्ट सामान्य प्राप्त हुई है। शेष रिपोर्ट और अन्य जांच की स्थिति के संबंध में विभाग निगरानी कर रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों में सामान्य संक्रमण जैसे लक्षण हो सकते हैं, लेकिन इसे सीधे पेयजल से जोड़ना सही नहीं होगा। पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए दोनों हैंडपंपों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए थे। इनकी रिपोर्ट में भी कोई गंभीर गड़बड़ी सामने नहीं आई है। फ्लोराइड की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर अधिकारी के मुताबिक, पानी में फ्लोराइड की मात्रा निर्धारित मानकों के अंदर पाई गई है। पानी में कुछ तत्वों की मौजूदगी सामान्य है, लेकिन उनकी मात्रा तय सीमा से अधिक होने पर ही स्वास्थ्य के लिए खतरा माना जाता है। जांच में ऐसी स्थिति सामने नहीं आई है। विभाग का कहना है कि पानी को लेकर किसी तरह की गंभीर समस्या की पुष्टि नहीं हुई है। उनका कहना है कि ट्यूबवेल में मोटर बदली गई थी, इस कारण ट्यूबवेल बंद था। वहीं, वर्तमान में दोनों हैंडपंप और ट्यूबवेल चालू हैं। दूषित पानी के कारण यह समस्या नहीं आई है।
publish_date
2हफ्ते से ट्यूबवेल बंद, हैंडपंप में आ रहा पीला पानी:छिंदवाड़ा में 17 बच्चे बीमार, भास्कर की पड़ताल में प्रशासन के पेयजल व्यवस्था के दावे गलत निकले
