20 कॉलोनियों के रास्ते बंद, रहवासी पहुंचे सांसद के घर:स्कूल बसें घर तक नहीं पहुंच रहीं; सांसद ने 10 दिन में सर्वे कराने का दिया भरोसा




उज्जैन में महामृत्युंजय द्वार से नानाखेड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर ब्रिज और सर्विस रोड के निर्माण के बीच आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। कई रास्ते बंद होने से लोगों को कम दूरी तय करने के लिए भी शांति पैलेस और नानाखेड़ा होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर गुरुवार रात करीब 8 बजे 15 से 20 कॉलोनियों के रहवासी एकजुट होकर सांसद अनिल फिरोजिया के घर पहुंचे। उन्होंने सांसद को अपनी परेशानी बताई। इस पर सांसद ने अधिकारियों से चर्चा कर 10 दिन में सर्वे कराने और रास्तों की कनेक्टिविटी सुधारने का प्लान तैयार कराने का आश्वासन दिया। कॉलोनियों से निकलने के लिए भी लगाना पड़ रहा लंबा चक्कर रहवासी संतोष व्यास ने बताया कि महामृत्युंजय द्वार के पास कट बंद होने से प्रशांति एवेन्यू, अमरनाथ एवेन्यू, सांवरिया परिसर, दीप्ति परिसर और तृप्ति परिसर सहित आसपास की कई कॉलोनियों के लोग परेशान हैं। पहले इन कॉलोनियों से सीधे ब्रिज तक पहुंचने का रास्ता था, लेकिन कट बंद होने के बाद नानाखेड़ा जाने के लिए शांति पैलेस होकर जाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पैदल आने-जाने के रास्ते भी बंद कर दिए गए हैं। स्कूल बसों ने तय किए पिकअप पॉइंट, मेडिकल इमरजेंसी की भी चिंता रहवासियों के मुताबिक, रास्ते बंद होने से बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। कुछ स्कूल बस संचालकों ने कॉलोनियों के अंदर से बच्चों को लेने से मना कर दिया है। ऐसे में अभिभावकों को तय पिकअप पॉइंट तक बच्चों को छोड़ने जाना पड़ रहा है। वहीं, बसंत विहार स्थित वेदा हॉस्पिटल पहुंचने के लिए भी लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। रहवासियों ने आशंका जताई कि मेडिकल इमरजेंसी के दौरान यह परेशानी और बढ़ सकती है। सांसद बोले- यह शहर का अंदरूनी मार्ग, कट और सिग्नल की व्यवस्था जरूरी सांसद अनिल फिरोजिया ने रहवासियों को बताया कि उन्होंने एमपीआरडीसी के इंदौर और उज्जैन के अधिकारियों को बुलाकर प्रशांति एवेन्यू से इंपीरियल होटल तक पूरे मार्ग का सर्वे कराया है। यातायात व्यवस्था को लेकर कलेक्टर और एसपी से भी चर्चा की गई है। सांसद के मुताबिक, अधिकारियों ने पूरी व्यवस्था का प्लान तैयार करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि यह मार्ग शहर के बीच से गुजरता है और महाकाल मंदिर से करीब 2 किलोमीटर दूर है। इसलिए इसे केवल स्टेट हाईवे की तरह नहीं, बल्कि शहर की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाना चाहिए। यहां जरूरत के मुताबिक कट, ट्रैफिक सिग्नल और स्टॉपर की व्यवस्था की जाए, ताकि एक ओर की कॉलोनियों के लोग दूसरी ओर आसानी से आ-जा सकें। रहवासियों ने सड़क निर्माण की तकनीकी खामियों पर उठाए सवाल रहवासियों का आरोप है कि एमपीआरडीसी ने सड़क निर्माण के दौरान तकनीकी खामियां छोड़ दीं, जिसके कारण कई कॉलोनियों के रास्ते बंद हो गए। उन्होंने मांग की कि यातायात सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों की आवाजाही का रास्ता भी खुला रखा जाए। फिलहाल सांसद के आश्वासन के बाद रहवासियों ने आंदोलन का फैसला टाल दिया है। अब सभी की नजर 10 दिन बाद होने वाले सर्वे और अधिकारियों की ओर से तैयार किए जाने वाले प्लान पर है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *