Headlines

'किसानों को नशेड़ी-गंजेड़ी बताने वाले सांसद को पार्टी से निकालो':किसान कांग्रेस अध्यक्ष बोले-जनार्दन मिश्रा पर केस दर्ज हो; शिवराज-मोहन यादव से मांगा जवाब




मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बुधवार को पीसीसी कार्यालय में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने मांग की कि किसानों को नशेड़ी और गंजेड़ी कहने वाले सांसद को तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाए और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। चौहान ने कहा कि भाजपा एक तरफ किसान सम्मान निधि और किसान कल्याण वर्ष के जरिए किसानों के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ उसके सांसद अन्नदाताओं का अपमान कर रहे हैं। दरअसल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने 9 नवंबर को मऊगंज जिले के रकरी गांव में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान किसानों को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि किसान साल में केवल तीन महीने खेतों में काम करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने घरों में बैठकर चिलम पीते हैं, गांजा पीते हैं और शराब पीते हैं। उनके इस बयान को लेकर किसान कांग्रेस ने विरोध जताया है। चौहान ने कहा कि किसान 45 से 50 डिग्री तापमान में खेतों में काम करता है। आधी रात को सांप-बिच्छुओं के बीच खेतों में पानी देने जाता है। इसके बावजूद किसानों की मेहनत को इस तरह देखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग पहले किसान आंदोलन के दौरान किसानों को आतंकवादी और नक्सलवादी कहते थे और अब उन्हें नशेड़ी-गंजेड़ी बता रहे हैं। शिवराज और मोहन यादव से मांगा जवाब धर्मेंद्र चौहान ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूछा कि किसानों के अपमान पर वे चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेतृत्व सांसद के बयान से सहमत नहीं है तो जनार्दन मिश्रा को तत्काल पार्टी से निष्कासित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए। ऐसा नहीं होता है तो यह माना जाएगा कि सांसद ने जो कहा, वह भाजपा नेतृत्व की भावनाओं के अनुरूप है। सांसद ने बाद में जताया खेद विवाद बढ़ने के बाद 11 नवंबर को जनार्दन मिश्रा ने अपने बयान पर सफाई देते हुए खेद जताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसानों की आलोचना करना नहीं, बल्कि खेती के साथ गौपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की बात करना था। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ शब्दों से किसान भाइयों को ठेस पहुंची है। इसके लिए वे क्षमा मांगते हैं। अब पढ़िए सांसद का बयान, जिस पर हुआ विवाद 9 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे मऊगंज के रकरी गांव स्थित कमल गौशाला में गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान जनार्दन मिश्रा ने कहा था कि किसान तीन महीने खेती में मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और ‘जय भोले’ में समय बिताते हैं। उनका यह वीडियो 9 नवंबर की रात सामने आया था।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *