![]()
खंडवा में कल 16 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर में 16 नवंबर को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक सभी प्रकार के मालवाहक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए चार रूट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और शहर में वाहनों का दबाव कम करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। भारी वाहनों को इंदौर नाका, हरसूद नाका, पंधाना नाका, रामनगर नाका और नागचून नाका से शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह प्रतिबंध कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। चार दिशाओं से आने वाली बसों के लिए अलग-अलग रूट सभा में शामिल होने के लिए आने वाली बसों के आवागमन के लिए पुलिस ने अलग-अलग रूट तय किए हैं। धनगांव, देशगांव, छैगांव, खरगोन और इंदौर रोड की ओर से आने वाली बसें इंदौर नाका, तौल कांटा, जलेबी चौक, बजरंग चौक, बस स्टैंड, ओवरब्रिज और इंदिरा चौक होते हुए नहाल्दा कार्यक्रम स्थल की पार्किंग तक पहुंचेंगी। इसी तरह पंधाना, बोरगांव और बुरहानपुर रोड की ओर से आने वाली बसें तौल कांटा, जलेबी चौक, बजरंग चौक, बस स्टैंड, ओवरब्रिज और इंदिरा चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी। पुनासा, नर्मदानगर और मूंदी रोड से आने वाली बसों के लिए जावर, सावखेड़ा और सतवाड़ा का रूट निर्धारित किया गया है। वहीं, खालवा, गुड़ी, पिपलौद और जसवाड़ी रोड की ओर से आने वाली बसें माता चौक और इंदिरा चौक होते हुए नहाल्दा पहुंचेंगी। वीआईपी, पत्रकारों और बसों के लिए अलग पार्किंग पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग व्यवस्था की है। वीआईपी और पत्रकारों के वाहनों की पार्किंग नहाल्दा कार्यक्रम स्थल के बाईं ओर निर्धारित की गई है। चार पहिया वाहनों के लिए कार्यक्रम स्थल के समीप पार्किंग रहेगी। वहीं, सभा में लोगों को लेकर आने वाली बसों को नहाल्दा स्टेडियम के पीछे पार्क किया जाएगा। ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील खंडवा पुलिस ने नागरिकों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि लोग अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान जाम की स्थिति न बने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। पुलिस के अनुसार, इसके अलावा शहर की शेष यातायात व्यवस्था यथावत रहेगी।
publish_date
CM की सभा को लेकर खंडवा का ट्रैफिक प्लान बदला:कल सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री; कार्यक्रम की बसों के लिए 4 रूट तय
