Father-in-law Arrested for Shooting Son-in-law Over Love Marriage


रतलाम में दामाद को गोली मारने वाले ससुर और दोस्त को जीआरपी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गोली मारने के बाद से यह लगातार फरार थे। 24 दिन बाद ससुर व दोस्त को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से एक पिस्टल भी जप्त की है।

.

19 अक्टूबर 26 की रात करीब 10 बजे जूनी कलाल सेरी निवासी सुनील प्रजापत (29) को दो अज्ञात लोगों ने गोली मार दी थी। सुनील रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 4 से उतरकर फ्रींगज वाले रास्ते से अपने घर जा रहा था।

इसी दौरान पीछे बाइक पर आकर सुनील पर गोली चला दी थी। एक गोली सुनील की पीठ में जा धंसी थी। जबकि दूसरा फायर मिस हो गया था। गोली पिस्टल में फंस जाने के कारण आरोपी मौके से फरार हो गए।

तब घायल अवस्था में सुनील ने अपने ससुर पर गोली चलाने का आरोप लगाया था। यहां तक सुनील की पत्नी ने भी अपने पिता द्वारा गोली चलाकर जानलेवा हमले का आरोप मेडिकल कॉलेज में लगाया था।

वडोदरा में ऑपरेशन कर निकाली गई गोली

घटना वाली रात सूचना मिलने पर जीआरपी व रतलाम सिटी पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से खाली खोखे बरामद किए थे। घायल सुनील को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया था। पीठ में गोली फंसी होने के कारण रतलाम मेडिकल कॉलेज में गोली नहीं निकाली जा सकी। उसे परिजन वडोदरा (गुजरात) लेकर गए थे। जहां ऑपरेशन के बाद गोली निकाल ली गई।

वर्तमान में घायल युवक पूरी तरह स्वस्थ है और अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुका है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 109(1) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया था।

संपत्ति कुर्क के दबाव में आए आरोपी

घटना के बाद से जीआरपी आरोपी ससुर कोमलसिंह पंवार (49) पिता शंभुसिंह निवासी जूनी कलालसेरी रतलाम व उसके दोस्त गौरव नागदा (37)पिता जवाहर नागदा निवासी जवाहर मार्ग नागदा जिला उज्जैन की तलाश कर रही थी। दबिश के दौरान जीआरपी ने रतलाम व उज्जैन के घर पर दबिश दी थी। परिवार वालों पर संपत्ति कुर्क व कार्रवाई का दबाव बनाया था। जिसके बाद दोनों जीआरपी थाने पर पेश हुए।

दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में मुख्य आरोपी ससुर कोमल सिंह पंवार ने बताया कि पीड़ित सुनील ने करीब 5-6 माह पहले उसकी बेटी से प्रेम विवाह किया था। इसी बात से नाराज होकर उसने नागदा निवासी अपने साथी गौरव नागदा के साथ मिलकर दामाद को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उस पर गोली चला दी।

राजस्थान में छिपे थे

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी कोमलसिंह अपने दोस्त के साथ राजस्थान के झालावाड़ जिले में छिपे थे। जीआरपी के अनुसार कोमलसिंह की एक बेटी झालावाड़ में रहती है। हालांकि दोनों आरोपी उसके घर नहीं थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल जप्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 का इजाफा किया है।

जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार शनिवार को रतलाम कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया है।

यह खबर भी पढ़ें लव मैरिज के 7 महीने बाद युवक को गोली मारी

रतलाम में सोमवार रात रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे सुनील प्रजापत पर बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी। पीठ में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसने अपने ससुर कोमलसिंह पंवार पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें…



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *