Gwalior Elderly Couple Harassment | Son Daughter-in-law CCTV Footage



ग्वालियर में संपत्ति के लिए बुजुर्ग माता-पिता को बेटे और बहू द्वारा प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटा और बहू उनके साथ मारपीट करते हैं।

.

डर के कारण बुजुर्ग पिता ने अपने कमरे के बाहर CCTV कैमरे लगवाए, लेकिन बेटे ने उन्हें भी तोड़ दिया। परेशान होकर बुजुर्ग दंपति मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचा और बेटे-बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम का है। यहां रहने वाले 64 वर्षीय नरेश शर्मा स्वास्थ्य विभाग में कंपाउंडर के पद पर पदस्थ थे। वे मई 2025 में रिटायर हुए हैं। मंगलवार को वे अपनी पत्नी पुष्पा शर्मा के साथ रोते-बिलखते SP कार्यालय पहुंचे।

उन्होंने पुलिस को बताया कि पिछले तीन साल से उनका छोटा बेटा मनुदत्त शर्मा और छोटी बहू दिव्या उर्फ चुनमुन शर्मा संपत्ति के लिए उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।

बड़ी बहू खाना देती है तो थाली फेंकने का आरोप

नरेश शर्मा के मुताबिक, बड़ी बहू चुपके से उन्हें रोटी दे देती है, तो छोटा बेटा और छोटी बहू थाली फेंक देते हैं। उनका आरोप है कि उन्हें कई बार भूखे पेट सोना पड़ता है। प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने अपने ही कमरे के बाहर CCTV कैमरे लगवाए, ताकि उनके साथ होने वाले व्यवहार का सबूत रह सके। हालांकि, आरोप है कि बेटे ने कैमरे भी तोड़ दिए।

नरेश शर्मा ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। आरोप है कि छोटे बेटे ने बड़े बेटे ऋतुराज शर्मा को भी शराब की लत लगा दी है। बड़े बेटे की पत्नी विनीता शर्मा ब्रेन हेमरेज से पीड़ित हैं। वहीं, छोटा बेटा मनुदत्त एक निजी स्कूल में शिक्षक है। बुजुर्ग दंपति का आरोप है कि वह घर में उन्हें धमकाता और प्रताड़ित करता है।

बहू के मायके पक्ष पर भी धमकाने का आरोप

बुजुर्ग दंपति ने यह भी आरोप लगाया कि छोटी बहू के मायके पक्ष के लोग उन्हें फोन पर धमकाते हैं। पुष्पा शर्मा ने पुलिस से मदद की गुहार लगाते हुए कहा, “साहब, हमें बचा लो, ये लोग किसी दिन हमारी जान ले लेंगे।”

पुलिस ने जांच के दिए निर्देश

पुलिस ने बुजुर्ग दंपति की शिकायत सुनने के बाद महाराजपुरा थाना प्रभारी को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही परिवार की काउंसलिंग कराने और वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि बुजुर्ग दंपति की शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *