ग्वालियर में सर्दी ने धीरे-धीरे असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही।
.
सोमवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट आई। सुबह ठंडी हवाओं और धुंध के कारण लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम में बदलाव के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़े निकालना शुरू कर दिए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार सुबह 5:30 बजे तापमान 14.8 डिग्री और सुबह 8:30 बजे 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 5:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 87 प्रतिशत रही, जो सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक थी। नमी के कारण सुबह धुंध छाई रही। करीब 7 बजे दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग भी गर्म कपड़ों में नजर आए।
15 दिन बाद 30 डिग्री पर पहुंचा था दिन का तापमान
सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। करीब 15 दिन बाद अधिकतम तापमान फिर 30 डिग्री पर पहुंचा था। इससे पहले 1 नवंबर को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। सोमवार को न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री रहा था, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था।

सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़ों में एक परिवार।
उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का असर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का असर ग्वालियर-चंबल अंचल में दिखने लगा है। आसमान साफ रहने और ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट हो रही है। आने वाले दिनों में दिन और रात, दोनों के तापमान में कमी आने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। इससे सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ेगा।
बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह और शाम घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनने, ठंडे पानी से बचने और खानपान का ध्यान रखने की जरूरत है। अस्थमा, एलर्जी और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को भी बदलते मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
