Indore-Patna train full, no standing space, more than 100 waiting even after chart preparation


  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Indore
  • Indore Patna Train Full, No Standing Space, More Than 100 Waiting Even After Chart Preparation

इंदौर21 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

छठ महापर्व के लिए घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ है। इंदौर-पटना एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में ठीक से खड़े रहने तक की जगह नहीं बची। सभी ट्रेन फुल हैं। इंदौर से बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीटों के लिए ऐसी मारामारी है कि चार्ट बनने के बाद भी यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे।

बुधवार को इंदौर-पटना एक्सप्रेस में जनरल के चारों कोच ठसाठस भरे रहे। स्लीपर में भी चार्ट बनने के बाद भी वेटिंग 100 के पार पहुंच गई। एसी क्लास में भी राहत नहीं है। फर्स्ट एसी में काफी समय पहले से ही रिग्रेट पोजिशन रही। सेकंड एसी और थर्ड एसी में भी लंबी वेटिंग रही।

बुधवार को इंदौर से पटना जाने वाली ट्रेन में छठ की भीड़ का असर प्लेटफॉर्म से लेकर कोच तक नजर आया। जनरल के चारों कोच यात्रियों से खचाखच भरे थे। जिन्हें बैठने की जगह नहीं मिली, वे खड़े होकर ही सफर करने को मजबूर हुए। ट्रेन में सवार जगदीश ने बताया कि उन्हें छठ पूजा के लिए घर पहुंचना है।

छठ महापर्व साल का सबसे बड़ा त्योहार है। ऐसे में सफर कितना भी मुश्किल हो, घर तो जाना ही है। इसी तरह रामेश्वर कुमार ने बताया कि उन्होंने काफी पहले स्लीपर क्लास का टिकट बुक कराया था, लेकिन कन्फर्म नहीं हुआ। उनका कहना था कि परिवार के साथ छठ मनाने के लिए घर जाना जरूरी है। इसलिए अब जैसे भी संभव होगा, सफर करेंगे।

अब इंदौर से शनिवार को ट्रेन, इसलिए सबसे ज्यादा दबाव रहा

बुधवार की ट्रेन में भीड़ बढ़ने की एक बड़ी वजह यह रही कि अगली ट्रेन अब शनिवार को रवाना होगी। छठ महापर्व रविवार को मनाया जाना है। ऐसे में यात्रियों के सामने चिंता है कि शनिवार को निकलने पर समय से घर पहुंचना मुश्किल हो सकता है। यही कारण है कि बुधवार की ट्रेन में यात्रियों ने किसी भी तरह जगह बनाने की कोशिश की। इधर, इंदौर के अलावा उज्जैन, भोपाल, नागदा और खंडवा जैसे शहरों से बिहार जाने वाले यात्रियों को भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।

छठ पर्व के लिए देशभर में 20 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रहीं

रेलवे की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे पीआरओ मुकेश कुमार के अनुसार, छठ महापर्व के लिए रेलवे ने देशभर में विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। रतलाम मंडल के विभिन्न स्टेशनों से होकर 20 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इन ट्रेनों का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देना है।

ट्रेन में सीट नहीं, इंदौर से कनेक्टिंग फ्लाइट में किराया बहुत ज्यादा

ट्रेन में लंबी वेटिंग के बीच हवाई सफर भी यात्रियों को राहत नहीं दे रहा। इंदौर से पटना जाने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया इस सप्ताह 20 हजार रुपए से अधिक पहुंच रहा है। यानी ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर फ्लाइट का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है।

ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार, इस सप्ताह कनेक्टिंग फ्लाइट में हाई फेयर की स्थिति बनी हुई है। त्योहार के दौरान अचानक बढ़ी मांग और सीमित सीटों के कारण हवाई किराये में भी उछाल देखने को मिल रहा है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *