![]()
मौसम में बदलाव के साथ छोटे बच्चों में निमोनिया और सांस संबंधी संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। पांच साल तक के बच्चों को इस गंभीर संक्रमण से बचाने और बाल मृत्यु दर कम करने के लिए इंदौर जिले में सांस (SAANS) अभियान शुरू किया गया है।
.
यह अभियान 12 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके साथ ही 15 से 21 नवंबर तक नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह भी मनाया जा रहा है।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता, बच्चों की स्क्रीनिंग और उपचार से जुड़ी गतिविधियां संचालित करेगा।
निमोनिया से होने वाली मौतों में कमी लाने का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पांच साल से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु के प्रमुख कारणों में निमोनिया भी शामिल है। कुल बाल मृत्यु में इसकी हिस्सेदारी करीब 17.2 प्रतिशत है। प्रदेश में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों में प्रति एक हजार जीवित जन्म पर करीब 41 बच्चों की मृत्यु होती है।
इनमें निमोनिया से होने वाली मृत्यु का आंकड़ा प्रति एक हजार पर 5.1 बताया गया है। अभियान के जरिए इसे घटाकर प्रति एक हजार जीवित जन्म पर तीन से कम करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। स्वास्थ्य संस्थाओं में निमोनिया की पहचान और मानक उपचार की व्यवस्था मजबूत करने के साथ जरूरत पड़ने पर बच्चों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किया जाएगा। निमोनिया से बचाव के लिए पीसीवी (न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन) का टीका भी सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध कराया गया है।
तेज सांस चलना और सीने का धंसना खतरे के संकेत
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि बच्चों में निमोनिया के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। तेज सांस चलना, सांस लेते समय सीने का धंसना, लगातार बुखार, खांसी, सीने में घरघराहट, भूख कम लगना, दूध नहीं पीना और बच्चे का सुस्त होना इसके प्रमुख लक्षण हैं। होंठ या नाखून नीले पड़ना गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देने पर बच्चे को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य संस्था लेकर जाएं।
स्वास्थ्यकर्मियों को भी तय प्रोटोकॉल के अनुसार जांच, उपचार और जरूरत पड़ने पर रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएसएस टूल के माध्यम से बच्चों की स्क्रीनिंग, वर्गीकरण और उपचार किया जाएगा।
नवजात की देखभाल और नियमित जांच पर भी जोर
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता ने बताया कि 15 से 21 नवंबर तक नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘नन्हें शिशु, उज्ज्वल भविष्य : बेहतर कल के लिए निरंतर देखभाल’ रखी गई है। इसका उद्देश्य नवजात को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी बेहतर देखभाल उपलब्ध कराना है।
इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नवजात की नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, समय पर उपचार और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका संदेश है कि नवजात के लिए केवल जीवित रहना ही नहीं, बल्कि स्वस्थ रहना भी जरूरी है।
