![]()
ग्वालियर-भिंड-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग-719 को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने सड़क हादसों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि फोरलेन निर्माण शुरू होने तक मार्ग पर टोल वसूली बंद कर यातायात टोल फ्री किया जाए। कांग्रेस का कहना है कि एनएच-719 क्षेत्र के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इस पर लगातार होने वाले हादसों में कई लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बहुप्रतीक्षित फोरलेन परियोजना की टेंडर प्रक्रिया बार-बार टल रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। 15 दिन में टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) ने ज्ञापन में मांग की कि 17 अक्टूबर से 15 दिन के भीतर फोरलेन परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही निर्माण कार्य शुरू होने की समय-सीमा की आधिकारिक घोषणा की जाए और परियोजना की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से सार्वजनिक की जाए। हादसे रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम करने की मांग कांग्रेस ने फोरलेन निर्माण शुरू होने तक टोल वसूली बंद करने की मांग की। इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक लगाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, गति नियंत्रण के उपाय अपनाने, बैरिकेडिंग करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। मांगें पूरी नहीं हुईं तो जनांदोलन की चेतावनी कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए और निर्माण की समय-सीमा घोषित नहीं हुई, तो हजारों लोगों की भागीदारी के साथ व्यापक जनांदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि अब आश्वासन के बजाय तय समय-सीमा में कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने एनएच-719 का फोरलेन निर्माण प्राथमिकता से कराने की मांग की।
publish_date
NH-719 को फोरलेन बनाने की मांग, कांग्रेस का प्रदर्शन:केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नाम सौंपा ज्ञापन; 15 दिन में टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की मांग
