शहडोल में धनतेरस पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में बंपर कारोबार की उम्मीद है।धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 6 से 8 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत शहर में वाहनों के मार्ग बदले गए हैं
.
दीपावली से पहले शुभ खरीदारी के इस अवसर पर सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और ऑटोमोबाइल बाजार में रौनक रहने की संभावना है। ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए व्यापारियों ने दुकानों में विशेष सजावट के साथ सामान का स्टॉक भी किया है। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर वाहन और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी के लिए बाजार तैयार हैं।
रेलवे स्टेशन जाने के लिए बदला रास्ता
यातायात प्लान के अनुसार जय स्तंभ चौक से रेलवे स्टेशन जाने वाले चार पहिया वाहन और ऑटो बाणगंगा तिराहा, पुराना बायपास, न्यू बस स्टैंड, बगिया तिराहा, ग्रीन सिटी, गणेश मंदिर, गांधी डॉक्टर क्लीनिक और दरभंगा चौक होते हुए जाएंगे। वहीं रेलवे स्टेशन से जय स्तंभ चौक आने वाले वाहन दरभंगा चौक, गांधी डॉक्टर क्लीनिक, गणेश मंदिर, ग्रीन सिटी, बगिया तिराहा, न्यू बस स्टैंड और पुराना बायपास का रास्ता अपनाएंगे।

धनतेरस की खरीदारी के लिए सजकर तैयार शहडोल का बाजार।
इन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
रेलवे स्टेशन से इंद्रा चौक (बुढ़ार चौक), पुराना गांधी चौक और न्यू गांधी चौक की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह न्यू गांधी चौक से सब्जी मंडी और सब्जी मंडी व गल्ला मंडी से न्यू गांधी चौक की ओर दोपहिया, चार पहिया वाहन और ऑटो नहीं जा सकेंगे।
चार जगह होगी पार्किंग की व्यवस्था
खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहन सूरज स्कूल क्रमांक-2 के मैदान में पार्क किए जाएंगे। जय स्तंभ चौक से न्यू गांधी चौक की ओर आने वाले वाहन सीधे यहां पहुंचेंगे। शिवम चौक, पुराना गांधी चौक और गंज सब्जी मंडी की ओर से आने वाले वाहन पंचायत मंदिर, कोतवाली, गांधी स्टेडियम और स्टेडियम तिराहा होते हुए पार्किंग स्थल तक जाएंगे।
इंद्रा चौक की ओर से आने वाले वाहन फॉरेस्ट तिराहा होते हुए मोहनराम तालाब के सामने मैदान में पार्क होंगे। यहां जगह भरने पर एमएलबी स्कूल परिसर और मैदान में पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
