उज्जैन9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच शिप्रा नदी के दोनों किनारों के विकास के प्रस्ताव सामने रखे जाएंगे। नदी के उद्गम से संगम तक होने वाली प्रदक्षिणा को तीर्थ क्षेत्र के विकास से जोड़ने की तैयारी है। इसके तहत दोनों किनारों पर घाट, मेडिकल सेंटर और बड़े शैक्षणिक विश्वविद्यालय बनाने की योजना पर विचार किया जाएगा।
गुरुवार को मीडिया से बातचीत में संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य शिप्रा को स्वच्छ और प्रवाहमान बनाने के साथ नदी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
पिछले साल प्रदक्षिणा के अलग-अलग पड़ावों पर हुई सनातन पंचायतों में मिले सुझावों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती यात्रा में वर्चुअली शामिल होंगे।

21 नवंबर से शुरू होगी प्रदक्षिणा यात्रा
त्रिशूल शिवगण वाहिनी की ओर से हर साल आयोजित होने वाली संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा 21 नवंबर से शुरू होगी। यात्रा की शुरुआत सुबह 8 बजे रामघाट स्थित आरती द्वार पर पूजन और संतों के आशीर्वचन के साथ होगी।
शैलेशानंद महाराज ने बताया कि पिछले साल यात्रा के आठ प्रमुख पड़ावों पर सनातन पंचायतें हुई थीं। इनमें स्थानीय लोगों, देश-विदेश से आए शोधार्थियों, प्राध्यापकों और जल संरचनाओं पर काम करने वाले विशेषज्ञों ने सुझाव दिए थे। इन सुझावों को संकलित किया गया है।
उनके मुताबिक, मध्यप्रदेश शासन की ओर से मुख्यमंत्री के माध्यम से सिंहस्थ क्षेत्र में उज्जैन के घाटों के विस्तार की बात भी सामने आई है। इस बार की प्रदक्षिणा में पिछले साल चिह्नित जगहों पर विकास की योजनाओं को सामने रखा जाएगा।
शिप्रा के दोनों किनारों पर घाट बनाने और तीर्थ क्षेत्र विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए मेडिकल सेंटर और बड़े शैक्षणिक विश्वविद्यालय बनाने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। शैलेशानंद महाराज के अनुसार, प्रदक्षिणा क्षेत्र में धार्मिक, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास की योजना है।
24 नवंबर को ‘एक दिया शिप्रा के नाम’ अभियान से होगा समापन
यात्रा के सभी पड़ावों पर शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण, स्वच्छता के लिए श्रमदान, पौधरोपण और धर्म चेतना सभाएं होंगी। 24 नवंबर को शाम 5.30 बजे रामघाट स्थित राणोजी की छतरी पर यात्रा का समापन होगा। इस दौरान शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण और धर्म चेतना सभा के साथ ‘एक दिया शिप्रा के नाम’ अभियान चलाया जाएगा।
संस्था के संतों और पदाधिकारियों ने लोगों से अभियान में शामिल होने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं से दीपदान नदी में प्रवाहित करने के बजाय घाटों पर करने का आग्रह किया है, ताकि नदी प्रदूषित न हो और जलीय जीवों को नुकसान न पहुंचे।

