VVIP मूवमेंट से थमी भोपाल की रफ्तार:शहर के 10 पॉइंटों पर जाम; 5 से 8 मिनट रोका जा रहा ट्रैफिक, रेंग रहे वाहन




भोपाल में गुरुवार को VVIP मूवमेंट के चलते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई की त्रयोदशी और शांति भोज में शामिल होने के लिए देशभर से बड़े नेताओं के भोपाल पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसके चलते शहर के करीब 10 प्रमुख पॉइंट पर रुक-रुककर यातायात बाधित हो रहा है। VVIP काफिले को निकालने के लिए 5 से 8 मिनट तक वाहनों की आवाजाही रोकी जा रही है। इससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। स्थिति यह है कि काफिले के गुजरने के बाद भी ट्रैफिक सामान्य होने में कई मिनट लग रहे हैं। कई जगह वाहन रेंगते हुए निकल रहे हैं। सबसे ज्यादा असर एयरपोर्ट रोड, लालघाटी, VIP रोड, मोती मस्जिद से कमला पार्क जाने वाली सड़क, कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा और बीयू से मिसरोद की ओर जाने वाली सड़क पर देखने को मिल रहा है। दरअसल, नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समेत कई VVIP भोपाल पहुंच रहे हैं। काफिला निकलने के बाद भी नहीं मिल रही राहत VVIP मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक को कुछ मिनटों के लिए रोकना पड़ रहा है। लेकिन इसका असर केवल काफिले के गुजरने तक सीमित नहीं है। वाहनों की लंबी कतारें बनने से रास्ता खुलने के बाद भी ट्रैफिक धीरे-धीरे आगे बढ़ता है। एक मार्ग पर यातायात रुकने का असर आसपास के चौराहों और उनसे जुड़े रास्तों पर भी दिखाई दे रहा है। पुराने भोपाल में मोती मस्जिद के सामने वाली सड़क से कमला पार्क की ओर जाने के लिए कई लोग रॉन्ग साइड का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे सड़क के दोनों ओर जाम के हालात बन रहे हैं। आम लोगों को सामान्य सफर में लग रहा अतिरिक्त समय शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ यातायात रोकने और फिर धीरे-धीरे वाहनों को निकालने के कारण लोगों को सामान्य सफर में भी अतिरिक्त समय लग रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले नेताओं के काफिलों की आवाजाही के बीच आम वाहन चालकों को बार-बार रुकना पड़ रहा है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *