Headlines

किसानों के विरोध के बाद धान की नीलामी शुरू:15 लाख की लूट के बाद व्यापारियों ने उपज खरीदने से मना किया था




रायसेन कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को व्यापारियों की हड़ताल और किसानों के विरोध के चलते धान की नीलामी में काफी देर तक रुकावट आई। गुस्साए किसानों ने मंडी के बाहर भोपाल रोड पर उतरकर चक्काजाम करने की कोशिश की। हालांकि, प्रशासन के अफसरों की समझाइश और व्यापारियों से बातचीत के बाद शुक्रवार दोपहर में दशहरा मैदान पर दोबारा नीलामी शुरू हो सकी। शाम तक मंडी में आए सभी किसानों का माल खरीद लिया गया। मामले की शुरुआत गुरुवार को हुई, जब कुछ बदमाशों ने व्यापारी मनोज राठौर की फर्म पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने वहां काम करने वाले मुनीम पदम सिंह को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और करीब 15 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। इस वारदात के विरोध में व्यापारियों ने शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक धान की नीलामी बंद कर दी। नीलामी रुकते ही अपनी उपज बेचने आए किसान भड़क गए और मंडी के गेट के सामने मुख्य सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे। अफसरों की समझाइश पर माने किसान सड़क पर चक्काजाम की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और नाराज किसानों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद किसान वापस दशहरा मैदान लौट गए। इसके बाद अधिकारियों ने व्यापारियों से चर्चा कर व्यवस्था संभाली और नीलामी फिर से चालू कराई। शुक्रवार को मंडी में करीब 15 हजार क्विंटल धान की आवक हुई थी, जिसकी खरीदी शाम तक पूरी कर ली गई। सोमवार को नीलामी पर संकट शनिवार और रविवार को साप्ताहिक छुट्टी होने के कारण मंडी बंद रहेगी। नियम के मुताबिक सोमवार से कामकाज दोबारा शुरू होना है, लेकिन व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक लूट और मारपीट करने वाले बदमाश पकड़े नहीं जाते, वे सोमवार को नीलामी नहीं करेंगे। दूसरी तरफ, इस घटना को लेकर राठौर क्षत्रिय समाज के लोगों ने भी शुक्रवार को मनोज राठौर की फर्म पर बैठक की। समाज के लोग शनिवार को कलेक्टर रोहित सिसोनिया से मिलकर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग करेंगे।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *