Headlines

प्रजापति समाज की शिक्षा के लिए भिक्षा यात्रा भिंड पहुंची:लोगों ने किया स्वागत, बोले- शिक्षा का दीप जलाकर अज्ञानता को भगाएं




शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूल से जोड़ने और जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में समाज की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से दिल्ली से सतना तक निकाली जा रही ‘शिक्षा के लिए भिक्षा यात्रा’ मंगलवार को भिंड पहुंची। यहां आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति और ओबीसी महासभा के पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे चंद्रप्रकाश प्रजापति नंगे पैर पैदल चलकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं। 4 से 15 नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य हर जरूरतमंद बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना है। भिंड में आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति के पदाधिकारियों ने यात्रा में शामिल चंद्रप्रकाश प्रजापति और अन्य सदस्यों का माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। वहीं, ओबीसी महासभा के अध्यक्ष मनोज कुशवाहा ने भी पुष्प वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान समाज के लोगों और युवाओं ने अभियान की सराहना करते हुए शिक्षा के प्रसार में सहयोग करने का संकल्प लिया। भिक्षा का मतलब पैसा मांगना नहीं, शिक्षा के लिए सहयोग जुटाना चंद्रप्रकाश प्रजापति ने बताया कि गरीबी और जागरूकता की कमी के कारण आज भी कई बच्चे शिक्षा से वंचित हैं। मजदूरी और आर्थिक मजबूरियों के चलते कई अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज पाते। ऐसे बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए समाज को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा में भिक्षा का अर्थ पैसा मांगना नहीं, बल्कि शिक्षा के लिए समाज का सहयोग, आशीर्वाद और संकल्प प्राप्त करना है। यदि हर व्यक्ति एक जरूरतमंद बच्चे की पढ़ाई की जिम्मेदारी ले तो कोई भी बच्चा अशिक्षित नहीं रहेगा। बेहट के सिद्ध गुरु काशी बाबा स्थान के लिए रवाना हुई यात्रा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय समाजसेवियों ने यात्रा को दान स्वरूप राशि देकर ग्वालियर जिले के बेहट स्थित सिद्ध गुरु काशी बाबा स्थान के लिए रवाना किया। मेहगांव में भी यात्रा का स्वागत किया गया। यह अभियान अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी के आदर्शों को समर्पित है। इसका आयोजन शिव शक्ति धर्मार्थ सेवा संस्थान, सती माता मंदिर ट्रस्ट और संतराम बीए एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी, सतना के तत्वावधान में किया जा रहा है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *