Headlines

सर्जरी के इंजेक्शन से युवा कर रहे नशा:ग्राहक बोला-बिना प्रिस्क्रिप्शन बेच रहे, दुकानदार ने कहा- आपने क्यों मांगा; तीन महीने पहले हुई थी मौत




ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी के समय दिए जाने वाले ड्रग टरमिन इंजेक्शन को लोग नशे के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। मुरैना में कई युवा अपने हाथों से इसे अपनी नसों में घोल रहे हैं। दरअसल, 135 रुपए कीमत वाला मेफेंटरमाइन इंजेक्शन नशे के आदी युवाओं को 300 से 500 रुपए में बेचा जा रहा है। मेफेंटरमाइन सल्फेट शेड्यूल-एच श्रेणी की दवा है, जिसे केवल डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन पर ही बेचा जा सकता है। तीन महीने पहले ही पोरसा में इसी इंजेक्शन की लत से परेशान होकर युवक ने सुसाइड कर लिया था। इसी नशे से पीड़ित एक परिवार ने मेडिकल संचालकों की पोल खोलने के उद्देश्य से स्टिंग ऑपरेशन किया। वीडियो दैनिक भास्कर को भी उपलब्ध कराया। सिरिंज से इंजेक्शन खुद लगाता मिला बेटा मुरैना के एक शख्स ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि परिवार में एक बेटे को नशे की लत लग गई है। वह इसी टरमिन इंजेक्शन का नशा करता है। पहले इस बात का पता नहीं था। हां, कई बार वह अचानक बहुत हाइपर हो जाता था। हर काम तेजी से करने लगता। हम सोचते कि एकदम ऐसी एनर्जी कहां से आ गई। वह घर से चोरी करके पैसे ले जाता था। एक दिन देखा कि वह सिरिंज से खुद के हाथ में इंजेक्शन लगा रहा है। देखा, तो वह टरमिन इंजेक्शन था। गूगल पर सर्च किया, तो हैरान रह गए। बेटे से पूछा, तो सब बता दिया। उसने तीन मेडिकल संचालकों के बारे में भी बताया, जिनसे वह महंगी कीमत पर इंजेक्शन खरीदता है। इसके बाद इनकी पोल खोलने की ठानी। बुजुर्ग ने कहा– आपने मांगा, इसलिए इंजेक्शन दिया जगह: मॉडल मेडिकल स्टोर, जिला अस्पताल के पास परिवार के दो सदस्य दुकान पर पहुंचे। यहां एक बुजुर्ग बैठा मिला। उसने खुद को दुकान का कर्मचारी बताया। एक वीडियो बनाता रहा, दूसरा दुकानदार से इंजेक्शन मांगता रहा। ग्राहक: अंकल जी, टरमिन इंजेक्शन है क्या? दुकानदार: हां, 500 रुपए का एक है। ग्राहक: दो, दे दो। (दुकानदार ने बिना डॉक्टर का पर्चा मांगे दो इंजेक्शन निकालकर कॉली पॉलीथिन में रख दिए।) ग्राहक: दो और दे दो। (दुकानदार ने अंदर जाकर 5 से सात इंजेक्शन निकाले। कुछ अपनी जेब में रख लिए। उस पर लगी पर्ची निकालने लगा) ग्राहक: इंजेक्शन में लगी पर्ची क्यों निकाल दी। दुकानदार: कोई तुमको रास्ते में पकड़ ना ले। ग्राहक: हमको कोई क्यों पकड़ेगा? दुकानदार: यह टरमिन इंजेक्शन है। ग्राहक: किस काम आता है यह दुकानदार: मुझे नहीं पता। ग्राहक: फिर आपने क्यों दिए? दुकानदार: आपने मांगे, तो दे दिए। ग्राहक: इससे लोगों की मौत तक हो सकती है, बिना डॉक्टर की पर्ची के नहीं दे सकते। मेरा भाई यहां से इंजेक्शन लेकर नशा करता है। दुकानदार: आपने क्यों मांगे फिर? ग्राहक: आपको पता होना चाहिए, ये इंजेक्शन प्रतिबंधित हैं। दुकानदार: मैं तो कर्मचारी हूं। दूसरी दुकान- जगह: श्रीराम मेडिकल स्टोर, वनखंडी रोड ग्राहक: दो टरमिन इंजेक्शन दे दो। (दुकानदार ने बिना डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन मांगे दो इंजेक्शन निकालकर दे दिए।) ग्राहक: दो और दे दो। दुकानदार: नहीं, चार ही लाया था। ग्राहक: प्रेगा कैप 300 भी दे दो। टरमिन कहीं नहीं मिलता। ग्राहक: इसी मेडिकल स्टोर से मेरा भाई टरमिन लेकर नशा करता है। यह दुकानदार बिना पर्ची इंजेक्शन बेच रहा है। तीसरी दुकान – जगह: सोनू मेडिकल स्टोर, दवा मार्केट ग्राहक: प्रेगा कैप 300 कैप्सूल दे दो, पहलवान वाली। लड़के इसी से पहलवान बन रहे हैं। (दुकानदार ने बिना डॉक्टर की प्रिस्क्रिप्शन पांच कैप्सूल निकालकर दे दिए।) दुकानदार: आपने पहलवान का नाम लिया। ग्राहक: वह मेरा भाई है, उसे तुमने गलत लत लगा दी है। जीवन बर्बाद कर रहा है। दुकानदार ने चुप्पी साध ली। डॉक्टर बोले– किडनी-लिवर डैमेज कर देता है जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ मेडिकल विशेषज्ञ डॉ. योगेश तिवारी ने बताया कि टरमिन इंजेक्शन का उपयोग सर्जरी के दौरान किया जाता है। जब मरीज का ब्लड प्रेशर कम हो जाता है, उसे बढ़ाने में मदद करता है। नशे के आदी लोगों को इससे इमीडिएट मस्तिष्क को पुशअप मिलता है। वह कई गुना ज्यादा ताकत का अहसास करता है। इसके साइड इफेक्ट है कि वह किडनी, लिवर को डैमेज करता है। लगातार सेवन से शरीर के अंग काम करना बंद कर देते हैं। मेडिकल स्टोर संचालक रामकुमार मॉडल ने बताया कि खरीदार तो आते ही हैं। जो लड़के खरीदने आए थे, उनकी तरफ से पैसे भी मांगे जा रहे थे। साढ़े चार लाख के इंजेक्शन जब्त किए थे सीएसपी कवीन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि 2 नवंबर को मुरैना पुलिस ने टरमिन इंजेक्शन बेचने वाले तीन मेडिकल स्टोर पर छापा मारा था। इनके पास से 2,856 टरमिन इंजेक्शन के पैकेट मिले थे। इनकी कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपए थी। मेडिकल स्टोर संचालक मयंक गुप्ता, ईशन वर्मा, बॉबी गुप्ता को पुलिस ने पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। CMHO बोले– कुछ दवाएं प्रतिबंधित, कार्रवाई करेंगे सीएमएचओ डॉ. पद्मेश उपाध्याय ने बताया कि कुछ दवाएं प्रतिबंधित हैं। विशेष परिस्थितियों में डॉक्टरी सलाह पर ही दी जाती हैं, लेकिन बिना प्रिस्क्रिप्शन के दवा देना गलत है। इसमें नशे के लिए दवाएं देना अनैतिक है। ड्रग विभाग द्वारा समय–समय पर कार्रवाई की जाती, लेकिन हमें नहीं पता कि कहां–कहां इस तरह की दवाएं बेची जा रही हैं। अगर आप बताएंगे, तो ड्रग विभाग के अफसरों से कार्रवाई के लिए बोला जाएगा। जुलाई में युवक ने खुद को मारी थी गोली 24 जुलाई को पोरसा के गांधी नगर निवासी सर्वेश राठौर (20) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। मौत से पहले उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड किया था, जिसमें दावा किया था कि वह पिछले चार वर्षों से अग्रवाल मेडिकल स्टोर से नशे का इंजेक्शन खरीद रहा था। वीडियो में सर्वेश ने कहा कि वह इस लत के कारण मानसिक रूप से परेशान हो गया था। करीब 10 से 12 लाख रुपए नशे में खर्च कर चुका है। उसने आरोप लगाया कि पोरसा के कई युवा इसी तरह नशे की गिरफ्त में हैं। प्रशासन से मेडिकल स्टोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल स्टोर पर छापा भी मारा था।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *