Headlines

अनूपपुर जिला अस्पताल में 3 दिन से सीटी स्कैन बंद:सिविल सर्जन बोले-CPU खराब, पुणे से पार्ट्स मंगवाए हैं; बिना जांच कराए लौट रहे मरीज




अनूपपुर जिला अस्पताल में पिछले 3 दिनों से सीटी स्कैन जांच सुविधा बंद है। मशीन के CPU में तकनीकी खराबी आने के कारण मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। इससे सड़क हादसों में घायल मरीजों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को परेशानी हो रही है। अस्पताल पहुंच रहे मरीजों को फिलहाल जांच कराए बिना लौटना पड़ रहा है। घायल छात्रा की जांच नहीं हो सकी गुरुवार शाम सड़क हादसे में घायल होकर जिला अस्पताल पहुंची सकरिया निवासी छात्रा सुचिता पटेल के सिर में चोट लगी थी। उनकी जांच के लिए सीटी स्कैन की जरूरत थी, लेकिन शुक्रवार सुबह तक मशीन बंद होने के कारण जांच नहीं हो सकी। परिजन अब बाहर से सीटी स्कैन कराकर रिपोर्ट डॉक्टर को दिखाएंगे। पुणे से मंगवाए मशीन के पार्ट्स जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एसआर परस्ते ने बताया कि सीटी स्कैन सेंटर के कर्मचारियों से चर्चा हुई है। कंपनी ने जानकारी दी है कि सीपीयू में आई खराबी से जुड़े पार्ट्स भोपाल में उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उन्हें पुणे से मंगवाया गया है। मशीन सुधारने के लिए भोपाल से इंजीनियर भी रवाना किया गया है। कंपनी ने शनिवार तक मशीन ठीक होने की संभावना जताई है। सेंटर के कर्मचारियों के अनुसार, खराबी आने के बाद कंपनी को पत्र और फोन के जरिए सूचना दी गई थी। हालांकि, शुरुआत में कंपनी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कर्मचारियों ने मरीजों को दीपावली के बाद मशीन सुधरने की जानकारी दी थी। रोज 25-30 मरीज पहुंचते हैं सेंटर जिला अस्पताल में दिसंबर 2021 से सीटी स्कैन सेंटर का संचालन शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य मरीजों को रियायती दरों पर और आयुष्मान व बीपीएल कार्डधारकों को निशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराना था। रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में रोजाना औसतन 25 से 30 मरीज जांच के लिए पहुंचते हैं। अक्टूबर में कलेक्टर द्वारा चिकित्सकों को अनावश्यक सीटी स्कैन जांच नहीं लिखने के निर्देश देने से पहले यह संख्या रोजाना 40 से 45 मरीज तक थी। सेंटर शुरू होने से पहले मरीजों को सीटी स्कैन के लिए शहडोल जाना पड़ता था, जहां निजी अस्पतालों में जांच पर 3,000 से 5,000 रुपए तक खर्च होने की बात बताई गई है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *