![]()
दिवाली से पहले खंडवा के आईटीआई मैदान में पटाखा बाजार सज गया है। गुरुवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता और एसपी अगम जैन बाजार का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था देखने के साथ ही उन्होंने व्यापारियों से कारोबार की स्थिति भी जानी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक व्यापारी से मजाकिया अंदाज में कहा, ‘कार्बाइड गन दो, एसपी साहब के बच्चों को खेलना है।’ इस पर एसपी अगम जैन ने तुरंत जवाब दिया, ‘सच में मिली तो एफआईआर कर दूंगा।’ अधिकारियों के बीच हुई इस बातचीत में कार्बाइड गन के खतरों और प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पर कार्रवाई का संदेश भी दिया गया। कलेक्टर और एसपी ने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, सीएसपी अभिनव बारंगे और मोघट रोड थाना प्रभारी विकास खिंची सहित अन्य अधिकारियों के साथ पूरे बाजार का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों के बीच की जगह, सुरक्षा इंतजाम और आवागमन की व्यवस्था देखी। व्यापारियों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने। 176 दुकानों से 3-4 करोड़ के कारोबार का अनुमान आईटीआई मैदान में पटाखों की 176 दुकानें लगाई गई हैं। इनसे करीब 3 से 4 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि इस बार बाजार में पहले जैसी ग्राहकी नहीं है। उनका मानना है कि पहले स्टेडियम में दुकानें लगती थीं, तब ग्राहक ज्यादा आते थे। अब शहर से बाहर बाजार लगने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने अधिकारियों को बताया कि पटाखों का ज्यादातर कारोबार अब गोदामों से हो रहा है। कई लोग इंदौर से ही पटाखे खरीद लेते हैं। आईटीआई मैदान के बाजार में मुख्य रूप से फुटकर खरीदार ही पहुंच रहे हैं। व्यापारियों ने यह भी बताया कि इस बार बाजार देर से लगा है। इससे भी कारोबार पर असर पड़ा है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि इस साल फसलों की पैदावार अच्छी हुई है और किसानों को उपज के बेहतर दाम मिले हैं। ऐसे में बाजार में अच्छी खरीदारी की उम्मीद होनी चाहिए। स्टेडियम में दुकानें लगाने पर सुप्रीम कोर्ट की रोक व्यापारियों ने पहले की तरह स्टेडियम में पटाखा बाजार लगाने की बात कही। इस पर कलेक्टर ने बताया कि शासन के नियमों और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार खेल स्टेडियम में किसी तरह की दूसरी गतिविधि नहीं की जा सकती। इसलिए वहां पटाखा बाजार नहीं लगाया जा सकता। सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को पटाखों के भंडारण और बिक्री में सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि दिवाली पर बड़ी संख्या में लोग पटाखे खरीदने पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पुलिस ने त्योहार के दौरान बाजार में सुरक्षा और आवागमन बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी करने की बात कही।
publish_date
खंडवा पटाखा बाजार में 176 दुकानें:SP बोले- कार्बाइड गन मिली तो FIR करेंगे, व्यापारी बोले- शहर से दूर होने से कारोबार प्रभावित
